News Pratyaksh


रांची: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद प्रभावित झारखंड के 42 प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कर दी गई है।

News Pratyaksh | Updated : Wed 01st Jul 2026, 12:54 pm
रांची: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद प्रभावित झारखंड के 42 प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कर दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम विभाग और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष की तत्पर कार्रवाई के बाद सभी श्रमिकों को ट्रेन के जरिए झारखंड रवाना कर दिया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, सभी श्रमिक जल्द ही अपने गृह जिलों तक सुरक्षित पहुंच जाएंगे।
दरअसल, 21 जून 2026 को तिरुवल्लूर स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल्स सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में अमोनिया गैस रिसाव की गंभीर घटना हुई थी। इस औद्योगिक हादसे में वहां कार्यरत कई श्रमिक प्रभावित हुए थे, जिनमें झारखंड के श्रमिक भी शामिल थे।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष और संबंधित विभागों को प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखने और सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव व्यवस्था करने का आदेश दिया।
राज्य सरकार की त्वरित पहल और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के चलते सभी 42 प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था पूरी कर ली गई। सरकार ने दोहराया कि राज्य के प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और किसी भी संकट की स्थिति में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।