9 वर्षीय शिवाय सिंह बने प्रथम धीरज सिंह मेमोरियल FIDE रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के चैंपियन
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय प्रथम धीरज सिंह मेमोरियल बिलो-1900 FIDE रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। भारत और नेपाल से पहुंचे करीब 300 खिलाड़ियों के बीच उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी 9 वर्षीय शिवाय सिंह ने बेहतरीन रणनीति और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
देवभूमि चेस एसोसिएशन उत्तराखंड के तत्वावधान में मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम के शिवालिक हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए निर्णायक राउंड के बाद शिवाय सिंह ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में अपर जिला अधिकारी (प्रशासन) पंकज उपाध्याय ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने शिवाय सिंह की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।पिता ने बताई बेटे के शतरंज का खिलाड़ी बनने की कहानी: विजेता शिवाय सिंह के पिता रवि प्रकाश सिंह, जो भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं, ने बताया कि-
कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा परिवार घर पर था, तभी शिवाय की मां ने उसके साथ शतरंज खेलना शुरू किया. धीरे-धीरे इस खेल में उसकी रुचि बढ़ती गई और उसने लगातार अभ्यास करना शुरू कर दिया. उस समय हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि हमारा बेटा इतनी छोटी उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना लेगा और परिवार का नाम रोशन करेगा.