News Pratyaksh


पंजाब में BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, संगरूर में मची सनसनी

News Pratyaksh | Updated : Mon 27th Jul 2026, 11:58 am
पंजाब में BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, संगरूर में मची सनसनी
संगरूर (पंजाब): पंजाब के संगरूर में सोमवार सुबह भाजपा कार्यालय पर कथित पेट्रोल बम से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार्यालय की दीवारें आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गईं।
भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारी ने फोन कर सूचना दी कि अंदर की दीवार पर पेट्रोल जैसी ज्वलनशील सामग्री से आग लगी है और दीवार पूरी तरह काली हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
भाजपा नेता मनिंदर कप्याल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इससे पहले चंडीगढ़ में भी भाजपा कार्यालय को निशाना बनाया गया था और अब संगरूर में भी ऐसी घटना सामने आई है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
वहीं, एसपी दविंदर अत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पेट्रोल बम हमले का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से बीयर की बोतल में भरा पेट्रोल बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल पेट्रोल बम के रूप में किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।