मुजफ्फरपुर में BJP नेताओं से करोड़ों की रंगदारी मांगने वाले गैंग का भंडाफोड़, SIT ने 3 आरोपी दबोचे
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में भाजपा नेताओं को व्हाट्सएप पर धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
मामला तब सामने आया जब बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे एवं भाजपा नेता कृष्ण मुरारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 21 से 24 जुलाई के बीच एक ही मोबाइल नंबर से जिले के तीन भाजपा नेताओं को व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजकर कुल 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
जांच में पता चला कि संबंधित मोबाइल नंबर आमिर रजा के नाम से पंजीकृत था। इसी नंबर से कृष्ण मुरारी, भाजपा नेता एवं जिला पार्षद इंजीनियर राजेश सहनी तथा भाजपा नेता रंजीत सहनी को जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी मांगी गई थी।
कृष्ण मुरारी ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि 24 जुलाई की रात व्हाट्सएप पर आए संदेश में खुद को मुंबई से संचालित गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा है। जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।