लातेहार में ग्राम प्रधान का संदिग्ध हालत में शव मिलने से सनसनी, मौत की वजह की जांच में जुटी पुलिस
लातेहार: झारखंड के लातेहार जिला मुख्यालय के मेन रोड पर गुरुवार को गारू प्रखंड के कबरी गांव के ग्राम प्रधान राजेंद्र उरांव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर उसे कब्जे में लिया और बाद में उसकी पहचान राजेंद्र उरांव के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को पहले नशे की हालत में देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की स्थिति में गिरने या चोट लगने से उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र उरांव बुधवार को घर से निकले थे और गुरुवार को उनकी मौत की सूचना गांव पहुंची।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि मेन रोड स्थित एक दुकान के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।