News Pratyaksh


देवघर से पूर्वोत्तर की उड़ान शुरू: गुवाहाटी के लिए इंडिगो की सीधी फ्लाइट का शुभारंभ, पहले विमान को मिला वाटर सेल्यूट

News Pratyaksh | Updated : Wed 05th Aug 2026, 11:50 am
देवघर से पूर्वोत्तर की उड़ान शुरू: गुवाहाटी के लिए इंडिगो की सीधी फ्लाइट का शुभारंभ, पहले विमान को मिला वाटर सेल्यूट
देवघर: दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के बाद अब देवघर एयरपोर्ट से पूर्वोत्तर भारत के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो गई है। मंगलवार से इंडिगो ने देवघर–गुवाहाटी के बीच सीधी विमान सेवा का शुभारंभ कर दिया। इस नई उड़ान से असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों के श्रद्धालुओं, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
नई सेवा के शुभारंभ पर एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले विमान का वाटर सेल्यूट देकर स्वागत किया। इस अवसर पर यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मियों ने खुशी जताई और इसे क्षेत्र की बेहतर हवाई कनेक्टिविटी की दिशा में अहम कदम बताया।
देवघर एयरपोर्ट के निदेशक जॉय बनर्जी ने बताया कि फिलहाल इस रूट पर 70 सीटों वाले विमान का संचालन किया जा रहा है। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन—मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में बड़े विमान का परिचालन भी किया जा सकता है।
नई सेवा के पहले दिन देवघर से 50 यात्री गुवाहाटी के लिए रवाना हुए, जबकि गुवाहाटी से 45 यात्री देवघर पहुंचे। इस नई उड़ान से विशेष रूप से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पूर्वोत्तर भारत की यात्रा करने वाले लोगों को सीधी हवाई सुविधा का लाभ मिलेगा।