कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पंचतत्व में विलीन: बेटे ने दी मुखाग्नि, एक दिन के पैरोल पर पहुंची पत्नी रिया सिन्हा
पलामू: कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का बुधवार को पलामू जिले के हुसैनाबाद स्थित कररबार नदी तट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे अक्षत कुमार सिन्हा ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पत्नी रिया सिन्हा को चाईबासा जेल से एक दिन की पैरोल पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुसैनाबाद लाया गया।
मंगलवार को पत्नी और बेटे के मौजूद नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार नहीं हो सका था। बुधवार को दोनों के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी की गईं।
रिया सिन्हा जैसे ही पुलिस वैन से उतरीं, वह सीधे अपने पति के पार्थिव शरीर के पास पहुंचीं और फूट-फूटकर रोने लगीं। वहीं, बेटे अक्षत कुमार सिन्हा भी पिता के शव से लिपटकर बिलख पड़े। इस दौरान अंतिम दर्शन के लिए पथरा गांव में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान ने बताया कि कररबार नदी के तट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।
गौरतलब है कि साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरण के दौरान जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था और उसने फायरिंग की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह मारा गया।
सुजीत सिन्हा पर पलामू, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और धनबाद समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे। पलामू में वर्ष 2005 के बाद से उसके खिलाफ 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हुए थे। हालांकि, वर्ष 2023-24 के दौरान उसे 15 से अधिक मामलों में बरी भी किया गया था। उसकी पत्नी रिया सिन्हा पर भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।