News Pratyaksh


सेंट लुइस में प्रज्ञानानंदा का जलवा: रैपिड वर्ग में टॉप पर, GCT फाइनल की उम्मीदें बरकरार

News Pratyaksh | Updated : Wed 05th Aug 2026, 11:49 am
सेंट लुइस में प्रज्ञानानंदा का जलवा: रैपिड वर्ग में टॉप पर, GCT फाइनल की उम्मीदें बरकरार
सेंट लुइस: भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने सेंट लुइस रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता के रैपिड वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 में से 12 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने वर्ष के अंत में होने वाले ग्रैंड शतरंज टूर (GCT) फाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को भी मजबूत किया है।
विश्व चैम्पियनशिप 2026 की दौड़ से बाहर हो चुके प्रज्ञानानंदा ने नौ दौर के रैपिड मुकाबलों में बेहतरीन रणनीति, सटीक चालों और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, उन्हें नौवें और अंतिम दौर में नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वान फोरेस्ट के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वह एक अंक की बढ़त के साथ शीर्ष पर बने रहे।
प्रज्ञानानंदा ने उजबेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को पीछे छोड़ा, जिन्होंने रैपिड वर्ग में 11 अंक हासिल किए। सिंदारोव इस वर्ष विश्व चैम्पियनशिप मुकाबले में डी. गुकेश को चुनौती देने वाले हैं।
प्रतियोगिता का अंतिम परिणाम केवल रैपिड वर्ग से तय नहीं होगा। अब खिलाड़ियों को 18 ब्लिट्ज मुकाबले खेलने हैं, जिसके बाद कुल अंकों के आधार पर विजेता का फैसला होगा। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 2 लाख अमेरिकी डॉलर है, जिसमें विजेता को 50 हजार अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे।
रैपिड वर्ग में प्रज्ञानानंदा ने चार जीत, चार ड्रॉ और एक हार के साथ कुल 12 अंक जुटाए। अब उनकी नजर ब्लिट्ज मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम करने पर होगी।