News Pratyaksh


'मार्च 2027 में शादी?' सवाल सुनते ही शरमा गए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, रिएक्शन हुआ वायरल :

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Aug 2026, 12:43 pm
'मार्च 2027 में शादी?' सवाल सुनते ही शरमा गए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, रिएक्शन हुआ वायरल :
IGIMS के कार्यक्रम में शादी के सवाल पर मुस्कुराकर आगे बढ़े निशांत कुमार, वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में।
पटना: बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इन दिनों अपने विभागीय फैसलों के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में IGIMS के एक कार्यक्रम के दौरान उनकी शादी को लेकर पूछे गए सवाल पर दिया गया उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान एक महिला पत्रकार ने निशांत कुमार से पूछा कि "क्या आपकी शादी मार्च 2027 में होने वाली है?" यह सवाल सुनते ही वह कुछ पल के लिए झेंप गए। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और सिर्फ हल्की मुस्कान के साथ आगे बढ़ गए। उनके इस अंदाज को देखकर कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों और अन्य लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में 45 वर्ष के हुए निशांत कुमार की शादी को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं चल रही हैं। इससे पहले जब वह अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे थे, तब गांव की महिलाओं ने भी उनसे विवाह करने का आग्रह किया था। वहीं एक युवक ने मजाकिया अंदाज में कहा था, "शादी करिए भैया।" उस समय भी निशांत कुमार ने मुस्कुराकर लोगों की बातें सुनी थीं, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था।
हालांकि, मार्च 2027 में शादी होने की चर्चाओं पर अब तक निशांत कुमार या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।