8 अगस्त से बदलेगा बिहार का मौसम! दक्षिणी जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और ठनका गिरने का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की, 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं I
पटना: बिहार में 8 अगस्त से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के दक्षिणी हिस्सों में व्यापक बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-मध्य बिहार (पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय) तथा दक्षिण-पूर्व बिहार (भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया) में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं उत्तर बिहार और दक्षिण-पश्चिम बिहार के अधिकांश जिलों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। विभाग ने दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।