News Pratyaksh


चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: CBI की चार्जशीट में बड़े खुलासे, 5 महीने पहले रची गई थी साजिश

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Aug 2026, 12:45 pm
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: CBI की चार्जशीट में बड़े खुलासे, 5 महीने पहले रची गई थी साजिश
11 आरोपियों के नाम चार्जशीट में शामिल, दो बीजेपी कार्यकर्ता गिरफ्तार; यूपी से बुलाए गए थे कॉन्ट्रैक्ट किलर, राजनीतिक एंगल की भी जांच जारी।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सचिव चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर कई अहम खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, हत्या की साजिश दिसंबर 2025 से ही रची जा रही थी और वारदात की तारीख व समय कई बार बदले गए। आखिरकार 6 मई 2026 को चंद्रनाथ रथ की हत्या को अंजाम दिया गया।
सीबीआई की चार्जशीट में 11 आरोपियों के नाम शामिल हैं। इनमें दो भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के लिए उत्तर प्रदेश से कॉन्ट्रैक्ट किलर बुलाए गए थे। दोनों आरोपियों पर शूटरों को कमीशन देने और भुगतान की व्यवस्था करने का आरोप है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, हत्या की साजिश के दौरान कई बिचौलियों ने कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से संपर्क कराने और पूरी योजना को अंजाम तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। शुरुआती योजना कई कारणों से टलती रही, लेकिन 6 मई को हत्या कर दी गई।
सीबीआई ने यह भी बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी भाई 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे, जबकि इससे पहले वे एक अन्य राजनीतिक दल के विधायक के साथ काम कर चुके थे।
फिलहाल सीबीआई इस बात की भी गहन जांच कर रही है कि हत्या व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम थी या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक मकसद था। एजेंसी का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच जारी है और आगे की जांच के आधार पर नए तथ्य सामने आ सकते हैं।