News Pratyaksh


मोतिहारी में दर्दनाक हादसा! पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

News Pratyaksh | Updated : Fri 07th Aug 2026, 12:46 pm
मोतिहारी में दर्दनाक हादसा! पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
महिला और उसके चार बच्चों के शव बरामद, पारिवारिक विवाद और हादसे दोनों पहलुओं पर जांच जारी।
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
मृतक महिला की पहचान बाभनौली पंचायत निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) और गोविंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
घटना को लेकर फिलहाल अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि महिला अपने बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थी, जहां किसी कारणवश सभी पोखर में डूब गए।
गोविंदगंज थाना प्रभारी सचितानंद पांडे ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।