गाजियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन में गैस कनेक्शन कटने का डर दिखाकर एक व्यक्ति से ₹8 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। नंदग्राम थाना क्षेत्र की औरा कायमेरा सोसाइटी में रहने वाले संजय कुमार को जालसाजों ने अपना शिकार बनाया। घटना के करीब दो महीने बाद शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
'गैस कनेक्शन कट जाएगा' का भेजा मैसेज
संजय कुमार के मुताबिक, 24 मई 2026 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। इसमें गैस कनेक्शन डिस्कनेक्ट होने की बात कही गई थी और बिल अपडेट करने के लिए एक नंबर पर कॉल करने को कहा गया था।
संजय ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो कॉलर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामूली रकम जमा करने के बाद कनेक्शन चालू रहेगा। ठगों ने यह भी दावा किया कि जमा की गई राशि सीधे उनके खाते में क्रेडिट होकर गैस बिल में एडजस्ट हो जाएगी।
कंपनी के नाम से भेजी APK फाइल
पीड़ित को अपना बकाया बिल याद नहीं था। कनेक्शन कटने की परेशानी से बचने के लिए उन्होंने ठगों के कहे अनुसार भुगतान करने की कोशिश की। इसी दौरान जालसाजों ने उन्हें कथित तौर पर गैस कंपनी की एप्लीकेशन भेजने की बात कही।
इसके बाद व्हाट्सऐप पर एक APK फाइल भेजी गई। संजय ने एप्लीकेशन डाउनलोड कर ली। पेमेंट करने के दौरान उन्होंने उसमें अपने डेबिट और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी दर्ज की।
इसके बाद उनका मोबाइल फोन कथित तौर पर हैक हो गया और पेमेंट भी नहीं हो पाया।
स्क्रीन शेयर करते ही ठगों के हाथ में पहुंचा फोन
संजय ने जब दोबारा दिए गए नंबर पर कॉल किया तो जालसाजों ने मदद करने के बहाने उनसे स्क्रीन शेयर करने को कहा। स्क्रीन शेयर करते ही आरोपियों ने कथित तौर पर उनके मोबाइल का कंट्रोल हासिल कर लिया।
पीड़ित कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनके बैंक खाते से रकम कटने के मैसेज आने लगे। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलि