प्रीमियम बाइक बाजार में Hero का बड़ा दांव, Harley-Davidson के साथ लॉन्च होंगी नई मोटरसाइकिलें : देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि वह चालू वित्त वर्ष में अपनी साझेदार Harley-Davidson के साथ मिलकर कई नई मोटरसाइकिलें बाजार में उतारेगी। खासतौर पर 250cc से 350cc सेगमेंट पर कंपनी का फोकस रहेगा, जहां ग्राहकों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
वित्त वर्ष 2026-27 की वार्षिक रिपोर्ट में Hero MotoCorp ने बताया कि उसका प्रीमियम बिजनेस मॉडल 'Premia' आउटलेट्स के विस्तार और Hero व Harley-Davidson ब्रांड के तहत नए प्रीमियम उत्पाद लॉन्च करने पर केंद्रित है। कंपनी ग्राहकों को बेहतर प्रीमियम अनुभव देने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता और तकनीक में भी लगातार निवेश कर रही है। Hero MotoCorp का लक्ष्य तेजी से बढ़ रहे 250-350cc सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करना और प्रीमियम कैटेगरी में एक प्रमुख खिलाड़ी बनना है।
रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट में 18 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जो कुल मोटरसाइकिल बाजार की वृद्धि से कहीं अधिक रही। GST दरों में संशोधन के बाद विशेष रूप से 350cc से कम इंजन क्षमता वाली बाइकों की मांग बढ़ी है, जिससे पहली बार प्रीमियम बाइक खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
बाजार में यह भी चर्चा है कि Hero MotoCorp अपनी लोकप्रिय XPulse एडवेंचर बाइक रेंज में नया और अधिक शक्तिशाली 421cc मॉडल लॉन्च कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह कंपनी की अब तक की सबसे दमदार एडवेंचर मोटरसाइकिलों में से एक होगी। प्रीमियम बाइक बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच Hero MotoCorp की यह रणनीति आने वाले समय में कंपनी की स्थिति को और मजबूत कर सकती है।