News Pratyaksh


रांची-गुमला NH-43 पर भीषण सड़क हादसा, चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने बचाईं जानें

News Pratyaksh | Updated : Sat 18th Jul 2026, 12:45 pm
रांची-गुमला NH-43 पर भीषण सड़क हादसा, चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने बचाईं जानें :
रांची : रांची-गुमला मुख्य मार्ग (NH-43) पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोग घायल हो गए। इटकी थाना क्षेत्र के पलमा पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार बोलेरो और सवारी ऑटो की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार, रांची से बेड़ो की ओर जा रही बोलेरो (JH01DK 8067) ने आगे चल रहे सवारी ऑटो (JH01GR 6395) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गए और उनके चारों पहिए ऊपर हो गए। हादसे के समय कई यात्री वाहनों के अंदर फंस गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सूचना मिलते ही इटकी थाना के एएसआई किरण बरला, बेड़ो पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
हादसे में घायल लोगों में संदीप उरांव, मंगरा उरांव, सगीया तिर्की, सुनीता उरांव, काजल उरांव, सुशीना उरांव, किरण देवी, शिला कुमारी, अजय सिंह, सुमती देवी, जगरनाथ महतो समेत अन्य यात्री शामिल हैं। कई महिलाएं और बच्चे भी हादसे की चपेट में आए।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। इटकी पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।