पूर्व CM शिबू सोरेन के पूर्व निजी सचिव के घर वन विभाग का छापा, आरोपी की तलाश में पहुंची टीम
दुमका में कार्रवाई के दौरान लोगों का हंगामा, पंकज राउत नहीं मिला; पिछले साल वन विभाग से अभद्रता के मामले में गिरफ्तारी की थी कोशिश
दुमका: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पूर्व निजी सचिव विवेकानंद राउत उर्फ विवेक राउत के दुमका स्थित महुआ डंगाल आवास पर शनिवार सुबह वन विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व IFS ट्रेनी पुष्कर काले कर रहे थे। टीम वन विभाग के एक मामले में नामजद आरोपी पंकज राउत की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला।
छापेमारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। दुमका जिला परिषद सदस्य चिंता देवी भी वहां पहुंचीं। लोगों ने कार्रवाई का कारण बताए बिना घर में प्रवेश का विरोध किया और मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान वन विभाग और स्थानीय लोगों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बहस होती रही।
बाद में सहमति बनने पर वन अधिकारी पुष्कर काले अपने बॉडीगार्ड और महिला पुलिसकर्मियों के साथ घर के अंदर गए। करीब 10 मिनट तक तलाशी लेने के बाद टीम बाहर लौट आई, लेकिन आरोपी पंकज राउत का कोई पता नहीं चल सका।
दुमका के डीएफओ सात्विक व्यास ने बताया कि 13 जून 2025 को प्रतिबंध के बावजूद लालजी पटेल एंड कंपनी सॉ मिल के संचालन की सूचना पर वन विभाग ने छापेमारी की थी। उस दौरान पंकज राउत और मिल संचालक जयपाल राउत पर वनकर्मियों के साथ अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा था। मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद दोनों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसी मामले में पंकज राउत की गिरफ्तारी के लिए शनिवार को यह कार्रवाई की गई।