गांव की बेटी ने रचा इतिहास! ऑनलाइन पढ़ाई के दम पर NEET-2026 में चमकी नेहा कुमारी
देवघर के सारठ प्रखंड की नेहा ने आर्थिक चुनौतियों के बीच ऑल इंडिया 41,223वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
देवघर: कहते हैं कि मजबूत इरादे और कड़ी मेहनत हर मुश्किल को आसान बना देते हैं। इस कहावत को सच साबित किया है देवघर जिले के सारठ प्रखंड के खाखरा गांव की रहने वाली नेहा कुमारी ने। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद नेहा ने गांव में रहकर केवल ऑनलाइन पढ़ाई और लगातार मेहनत के बल पर NEET-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया 41,223वीं रैंक हासिल की है।
नेहा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गांव और देवघर जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इस वर्ष NEET परीक्षा को अपेक्षाकृत कठिन माना गया, वहीं सफल अभ्यर्थियों की संख्या भी कम रही। ऐसे में नेहा की सफलता और भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर में खुशी का माहौल है।
नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद उनके माता-पिता ने कभी भी संसाधनों की कमी को उनकी पढ़ाई में बाधा नहीं बनने दिया। गांव में रहकर उन्होंने प्रतिदिन करीब 6 घंटे ऑनलाइन क्लास और 6 से 7 घंटे सेल्फ स्टडी की। लगातार 13 से 14 घंटे की पढ़ाई और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि आज उन्होंने यह सफलता हासिल की है।
नेहा की उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला रखते हैं।