मुजफ्फरपुर डबल मर्डर: बेंगलुरु में बैठे बेटे ने CCTV पर लाइव देखी खौफनाक वारदात, उड़ गए होश
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग चौरी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में एक बेहद चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत बेटे ने घर के सीसीटीवी कैमरों के जरिए अपने माता-पिता के घर में संदिग्ध गतिविधियां लाइव देखीं, जिसके बाद उसने तत्काल पड़ोसी को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक दंपति के बेटे निखिल कुमार, जो बेंगलुरु में नौकरी करते हैं, ने सोमवार शाम अपने मोबाइल से घर के CCTV कैमरों का लाइव फीड देखा। फुटेज में घर के अंदर दो-तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। इसी दौरान उनकी मां नीलम कुंवर जान बचाने के लिए घर की छत की ओर भागती हुई नजर आईं। यह दृश्य देखकर निखिल के होश उड़ गए।
निखिल ने तुरंत अपने माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले। अनहोनी की आशंका होते ही उन्होंने मुजफ्फरपुर में रहने वाले पड़ोसी अमित कुमार उर्फ चिक्कू को फोन कर तत्काल घर पहुंचने का अनुरोध किया।
पड़ोसी जब टॉर्च लेकर मकान के प्रथम तल पर पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद दर्दनाक था। कमरे में अशोक कुंवर का शव खून से लथपथ पलंग पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर ने धारदार हथियार से कई वार कर उनकी हत्या की थी।