News Pratyaksh


बोकारो: झारखंड के बोकारो स्थित सेक्टर-4 के कुमार मंगलम स्टेडियम में दूसरी NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।

News Pratyaksh | Updated : Wed 19th Aug 2026, 12:45 pm
बोकारो: झारखंड के बोकारो स्थित सेक्टर-4 के कुमार मंगलम स्टेडियम में दूसरी NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 29 अगस्त तक चलेगी। इसका उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने तीर चलाकर और गुब्बारे उड़ाकर किया।
उद्घाटन समारोह में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक श्वेता सिंह, बोकारो तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष लंबोदर महतो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
देशभर से पहुंचे 900 से ज्यादा तीरंदाज
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 900 से अधिक पुरुष और महिला तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग में आयोजित की जा रही है। अलग-अलग राज्यों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि तीरंदाजी भारत का प्राचीन खेल है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड तीरंदाजी के क्षेत्र में पहले से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
‘झारखंड के लिए मील का पत्थर साबित होगी प्रतियोगिता’
बोकारो तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष लंबोदर महतो ने कहा कि यह प्रतियोगिता झारखंड के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे युवाओं में उत्साह बढ़ेगा और राज्य में तीरंदाजी को और बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।