News Pratyaksh


बिहार के 144 निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू, अब रजिस्ट्री के दिन ही मिलेगा रंगीन दस्तावेज

News Pratyaksh | Updated : Tue 18th Aug 2026, 12:45 pm
बिहार के 144 निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू, अब रजिस्ट्री के दिन ही मिलेगा रंगीन दस्तावेज
बिहार: राज्य के सभी 144 निबंधन कार्यालयों में सोमवार से पेपरलेस रजिस्ट्री की नई व्यवस्था शुरू कर दी गई है। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, लौरिया और बगहा समेत सभी पांच निबंधन कार्यालयों में भी यह व्यवस्था लागू हो गई है।
हालांकि, बेतिया जिला अवर निबंधन कार्यालय और चनपटिया में 3 अगस्त से ही पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत कर दी गई थी।
नई व्यवस्था के तहत भूमि खरीदारों को बड़ा फायदा मिलने जा रहा है। अब रजिस्ट्री के दिन ही क्रेता को रंगीन दस्तावेज उपलब्ध कराया जाएगा। इस दस्तावेज पर कार्यालय की मुहर और संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर भी होंगे।
जिला अवर निबंधक गिरीशचंद ने बताया कि विभाग के सचिव के निर्देश के बाद सोमवार से इस व्यवस्था को शुरू कर दिया गया है।
इस पेपरलेस दस्तावेज की एक खासियत यह भी होगी कि इसके हर पन्ने पर QR कोड मौजूद रहेगा।
QR कोड की मदद से संबंधित जमीन की जानकारी बैंक और वित्तीय संस्थान जरूरत पड़ने पर आसानी से जांच सकेंगे।
नई व्यवस्था से रजिस्ट्री प्रक्रिया में कागजी काम कम होने के साथ-साथ दस्तावेजों की जांच और सत्यापन भी पहले की तुलना में आसान होने की उम्मीद है।