रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: NDPS मामले का फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, चोरी गैंग का भी भंडाफोड़
रांची पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर धुर्वा थाना के चर्चित NDPS मामले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर अरगोड़ा थाना पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लाखों रुपये नकद समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया।
3 साल से फरार NDPS आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
धुर्वा थाना कांड संख्या 116/23 (NDPS Act की धारा 17(b)/18/22/25/29) में फरार चल रहे आरोपी अमित (पिता महेंद्र सिंह) को दिल्ली के रोहिणी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2023 में संयुक्त अभियान के दौरान 492 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। मामले में गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अमित का नाम सामने आया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था।
हाल ही में दिल्ली क्राइम ब्रांच NR-II से सूचना मिलने पर रांची पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और 18 अगस्त 2026 को रोहिणी के मधुबन चौक के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली की अदालत में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर उसे रांची लाया गया।
मामला: धुर्वा थाना कांड संख्या 116/23
आरोपी: अमित, निवासी केसरसेती, सांपला, रोहतक (हरियाणा)
कार्रवाई: दिल्ली क्राइम ब्रांच और रांची पुलिस की संयुक्त टीम
अरगोड़ा थाना पुलिस ने चोरी गैंग का किया खुलासा
अरगोड़ा थाना कांड संख्या 221/26 में पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक मकान में छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया गया।
लोहे के 169 सरिया/सेंटरिंग सामग्री
चांदी जैसे धातु के 5 पायल
करीब 100 किलो एल्यूमिनियम केबल और तार
पुलिस ने इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अधिकांश बिहार के सीतामढ़ी और रांची के निवासी बताए गए हैं।