CISF में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों को प्रमोशन के साथ नई जिम्मेदारी
नई दिल्ली: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में कार्यरत कई अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से पदोन्नति देकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नव प्रोन्नत अधिकारियों को CISF के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने बधाई दी और उन्हें संरक्षण एवं सुरक्षा के मूलमंत्र के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
डीईओ मुंबई मुख्यालय में पदस्थापित उप महानिरीक्षक हिमांशु पाण्डेय को महानिरीक्षक (IG) के पद पर पदोन्नत करते हुए सेंट्रल सेक्टर, भिलाई भेजा गया है। सेंट्रल सेक्टर भिलाई की वर्तमान महानिरीक्षक निलिमा रानी सिंह 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाली हैं।
इसी तरह एयरपोर्ट सेक्टर नई दिल्ली मुख्यालय में कार्यरत आलोक कुमार को सीनियर कमांडेंट से DIG के पद पर पदोन्नति दी गई है। एडीजी साउथ सेक्टर, मुंबई मुख्यालय में कार्यरत उप कमांडेंट रवि कुमार शुक्ला को कमांडेंट बनाया गया है।
जीबीएस नई दिल्ली इकाई में कार्यरत IPS अधिकारी DIG जी. शिवकुमार का तबादला साउथ जोन-1, चेन्नई मुख्यालय किया गया है। वहीं कमांडेंट हरीश कुमार साहू को नई दिल्ली एयरपोर्ट से डीएचईपी दुलहस्ती इकाई भेजा गया है।
इसके अलावा कमांडेंट कमलेश पुनिया को रिजर्व बटालियन नासिक से नई दिल्ली एयरपोर्ट और उप कमांडेंट अनिल कुमार को दिल्ली मेट्रो से आरएचपीपी पिपरी इकाई में स्थानांतरित किया गया है।
स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपनी वर्तमान इकाई से विरमित होकर नई इकाई में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। CISF में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यभार संभालने को कहा गया है।