JPSC-JSSC CGL विवाद पर सियासत तेज, छात्रों के आंदोलन को लेकर BJP और JMM आमने-सामने
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC-CGL परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक के बाद छात्रों का आंदोलन अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। रांची में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे और कथित झड़प को लेकर भाजपा और झामुमो आमने-सामने आ गए हैं।
भाजपा नेताओं ने सत्तारूढ़ झामुमो पर छात्रों के आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया है। वहीं, झामुमो ने पलटवार करते हुए पूरे आंदोलन के पीछे भाजपा और कुछ कोचिंग संचालकों की भूमिका होने का दावा किया है।
छात्राओं के साथ कथित अभद्रता पर BJP का हमला
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ कथित अभद्रता को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार किया गया। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि इस पूरे मामले की राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
वहीं, मामले को लेकर झामुमो और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। छात्र आंदोलन अब परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया के मुद्दे से आगे बढ़कर झारखंड की राजनीति में भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।