आरा के होटल में पुलिस की छापेमारी, 15 युवक-युवतियां हिरासत में; होटल संचालक गिरफ्तार
आरा। नवादा थाना क्षेत्र के समीप एक होटल में बुधवार को पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर सात पुरुष और आठ महिलाओं को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, सभी को होटल के अलग-अलग कमरों में आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक प्रहलाद कुमार गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने होटल से आपत्तिजनक सामान और रजिस्टर जब्त किया है। वहीं, नगर निगम और मजिस्ट्रेट की निगरानी में होटल को सील कर दिया गया।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई छापेमारी
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित को नवादा थाना के पास स्थित एक होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशिक्षु डीएसपी कोमल मेहता और सुधा राज के नेतृत्व में सीआईटी समेत विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने होटल में पहुंचकर कमरों की जांच की। इस दौरान सात पुरुष और आठ महिलाओं को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से कंडोम के पैकेट समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया, जिसे साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित किया गया है।
कमरों की वीडियोग्राफी, रजिस्टर भी जब्त
कार्रवाई के दौरान संबंधित कमरों की वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने होटल का रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इनकी जांच से होटल में आने वाले लोगों और कमरे बुक किए जाने के तरीके से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है।
जांच पूरी होने के बाद जिला प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद नगर निगम और मजिस्ट्रेट की निगरानी में होटल को सील कर दिया गया।
घंटे के हिसाब से बुक होते थे कमरे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि होटल के कमरे कथित तौर पर घंटे के हिसाब से बुक किए जा रहे थे। पुलिस होटल के रजिस्टर और दूसरे दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि यहां लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं या नहीं।
बिना निबंधन चल रहा था होटल
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के मुताबिक, होटल का संचालन बिना निबंधन के किया जा रहा था। पकड़े गए सभी युवक-युवतियां बालिग बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उनके आपसी सहमति से होटल आने की बात सामने आई है।
पुलिस होटल संचालक समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ सराय एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई कर रही है। साथ ही होटल में किसी अन्य अवैध या संदिग्ध गतिविधि के संचालन की भी जांच की जा रही है।
शहर के अन्य होटलों की भी होगी जांच
एसपी ने कहा कि आरा शहर में संचालित अन्य होटल और लॉज की भी समय-समय पर जांच कराई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य होटल और लॉज में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि पर नजर रखना है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
आरा शहर में इससे पहले भी होटल और रेस्टोरेंट में युवक-युवतियों के पकड़े जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2017 में टाउन थाना क्षेत्र के चित्रटोली रोड स्थित एक होटल और नवादा चौक के एक रेस्टोरेंट में भी कार्रवाई हुई थी।
करीब छह साल बाद नवादा थाना क्षेत्र के समीप हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर शहर के होटलों में चल रही गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।