News Pratyaksh


तेलंगाना विधानसभा के बाहर BRS का हंगामा, काली टी-शर्ट पर पुलिस ने लगाई रोक; हिरासत में लिए गए हरीश राव

News Pratyaksh | Updated : Mon 07th Sep 2026, 12:38 pm
तेलंगाना विधानसभा के बाहर BRS का हंगामा, काली टी-शर्ट पर पुलिस ने लगाई रोक; हिरासत में लिए गए हरीश राव
हैदराबाद: तेलंगाना विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होते ही सियासी माहौल गरमा गया। BRS नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लिखी काली टी-शर्ट पहनकर विधानसभा परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद विधानसभा के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ।
पुलिस की कार्रवाई के बाद पूर्व मंत्री हरीश राव समेत BRS के कई विधायक और MLC अपनी टी-शर्ट उतारकर बनियान में ही विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पुलिस और BRS नेताओं के बीच तीखी कहासुनी भी हुई।
मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने हरीश राव समेत कई BRS विधायकों को हिरासत में ले लिया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री जगदीश रेड्डी के बेहोश होने की भी खबर सामने आई।
पुलिस पर हरीश राव ने लगाए गंभीर आरोप
हरीश राव ने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र में शामिल होने जा रहे BRS विधायकों के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षी विधायकों को विधानसभा में प्रवेश करने से रोकने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है।
मीडिया से बातचीत में हरीश राव ने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य विपक्षी पार्टी के बिना ही सदन में बहस कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया।
विधानसभा के बाहर बढ़ा सियासी तनाव
मानसून सत्र के पहले ही दिन काली टी-शर्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पुलिस और BRS नेताओं के बीच टकराव में बदल गया। हिरासत में लिए जाने के बाद विधानसभा के बाहर राजनीतिक तनाव और बढ़ गया।