News Pratyaksh


असम-अरुणाचल सीमा पर गोलीबारी, 8 लोग गंभीर घायल; जमीन कब्जे को लेकर विवाद का आरोप

News Pratyaksh | Updated : Mon 10th Aug 2026, 12:32 pm
असम-अरुणाचल सीमा पर गोलीबारी, 8 लोग गंभीर घायल; जमीन कब्जे को लेकर विवाद का आरोप
धेमाजी: असम के धेमाजी जिले में गोगामुख के पास असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा क्षेत्र में सोमवार को गोलीबारी की घटना सामने आई है। मिंगमंग बस्ती में हुई इस घटना में कम से कम 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार झड़प में असम के करीब 18 लोग घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांववालों के बीच विवाद के दौरान मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि अरुणाचल प्रदेश की ओर से आए कुछ लोगों ने असम की तरफ की जमीन पर कब्जा किया था। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर असम के ग्रामीणों को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घायल ने लगाया गंभीर आरोप
ईटीवी भारत से बातचीत में एक घायल व्यक्ति ने आरोप लगाया कि गोलीबारी करने वालों में कुछ लोग आम नागरिकों की पोशाक में मौजूद थे और उन्होंने असम की तरफ के लोगों पर गोलियां चलाईं। घायल के मुताबिक, हमले का मकसद स्थानीय लोगों में डर पैदा करना था।
हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से गोलीबारी में पुलिसकर्मियों के शामिल होने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सीमा क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है