कैमूर में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, गोबर की खाद के बीच बने गुप्त तहखाने से 4815 लीटर शराब बरामद
कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली-कोलकाता हाईवे स्थित समेकित जांच चौकी के उत्पाद चेकपोस्ट पर मंगलवार सुबह एक 14 चक्का ट्रक से करीब 4,815 लीटर शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 70 से 75 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है।
गोबर की खाद के बीच बनाया था गुप्त तहखाना
उत्पाद विभाग की टीम को यूपी की ओर से आ रहे पंजाब नंबर प्लेट वाले ट्रक पर संदेह हुआ। तलाशी के दौरान ट्रक में सड़े हुए गोबर जैसी खाद के बीच लोहे का एक गुप्त तहखाना मिला।
अधिकारियों ने जब इस गुप्त कक्ष को खोला तो उसमें शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। इसके बाद टीम ने तहखाने से पूरी शराब बरामद कर ली।
पंजाब से बिहार लाई जा रही थी शराब
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों से पता चला कि शराब की खेप पंजाब से बिहार लाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब की पहचान छिपाने के लिए बोतलों पर दर्ज बैच नंबर भी मिटा दिए थे।
गुप्त सूचना पर पकड़ा गया ट्रक
उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई।
तलाशी में लोहे के गुप्त तहखाने से 4,815 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 70-75 लाख रुपये आंकी गई है। उत्पाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है