खगड़िया में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने से 165 से ज्यादा लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप
खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमनी पंचायत के हियादतपुर गांव में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 165 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण प्रभावित लोगों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
250 से ज्यादा लोगों ने खाया था प्रसाद
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे मायाराम चौधरी के बेटे सुबोध चौधरी के घर सत्यनारायण पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा संपन्न होने के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। बताया जा रहा है कि 250 से ज्यादा लोगों ने प्रसाद खाया था।
प्रसाद खाने के करीब आधे घंटे बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। खासकर बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आई, जबकि कई बड़े लोगों ने चक्कर, कमजोरी और बेचैनी की शिकायत की।
अस्पताल में मरीजों की लगी कतार
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के बाद ग्रामीणों ने मानसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
देर रात तक अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। फिलहाल इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आशंका जताई जा रही है कि प्रसाद खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है।
ग्रामीण ने बताई पूरी घटना
ग्रामीण महिला संजू देवी ने बताया, “पूजा होने के बाद प्रसाद दिया गया। बच्चों ने प्रसाद खाया। करीब आधे घंटे बाद बच्चों को उल्टी शुरू हो गई। उसके बाद जितने लोगों ने प्रसाद खाया था, सभी को एक-एक करके उल्टी होने लगी।”
फिलहाल प्रभावित लोगों का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर नजर बनाए हुए है।