News Pratyaksh


पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी नक्सली समेत 4 ने किया आत्मसमर्पण

News Pratyaksh | Updated : Tue 11th Aug 2026, 12:23 pm
पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी नक्सली समेत 4 ने किया आत्मसमर्पण
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कोल्हान, पोराहाट और सारंडा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चार सदस्यों ने मंगलवार को पुलिस और CRPF के वरीय अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन का 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमेटी सदस्य सालुका कायम भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन नवजीवन-III के तहत हुई। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस भी सुरक्षाबलों को सौंपे।
10 लाख के इनामी सालुका कायम ने छोड़ा नक्सल का रास्ता
आत्मसमर्पण करने वालों में सालुका कायम उर्फ भुवनेश्वर, मारू, विक्रम, डांगिल, तुबुई और जयराम का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक सालुका भाकपा (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, सालुका के खिलाफ पश्चिमी सिंहभूम में 90 और सरायकेला जिले में 6 मामले, यानी कुल 96 मामले दर्ज हैं। आत्मसमर्पण के दौरान उसने एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन और 843 राउंड कारतूस समेत अन्य सामान सुरक्षा बलों को सौंपा।
तीन अन्य नक्सलियों ने भी किया सरेंडर
सालुका के साथ तीन अन्य सक्रिय सदस्यों ने भी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। इनमें कोदोमुनी कोड़ा उर्फ कोदम मुन्नी कोड़ा उर्फ कितामाई, पिंकी पूर्ति उर्फ सुकांती पूर्ति उर्फ मेचो पूर्ति और अनिता तामसोय उर्फ अनिता कायम उर्फ मुक्ता उर्फ नूनी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, टोंटो थाना क्षेत्र के रेंगड़ाहातु निवासी कोदोमुनी कोड़ा संगठन में दस्ता सदस्य के तौर पर सक्रिय था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था और उसके खिलाफ चाईबासा में सात मामले दर्ज बताए गए हैं। उसने एक वायरलेस सेट और 697 राउंड कारतूस सौंपे।
पिंकी पूर्ति और अनिता तामसोय पर भी कई मामले
पुलिस के अनुसार, पिंकी पूर्ति संगठन में दस्ता सदस्य के तौर पर सक्रिय थी। उसके खिलाफ चाईबासा में 13 मामले दर्ज हैं। आत्मसमर्पण के दौरान उसके पास से एक वायरलेस सेट और 639 राउंड कारतूस मिले।
वहीं, अनिता तामसोय के खिलाफ चाईबासा में 12 और सरायकेला में एक, कुल 13 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसने एक इंसास राइफल, पांच मैगजीन और 97 राउंड कारतूस सहित अन्य सामग्री सुरक्षा बलों को सौंपे।
सुरक्षाबलों के मुताबिक, चार नक्सलियों का आत्मसमर्पण कोल्हान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।