औरंगाबाद के जंगल में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, नक्सलियों के छिपाए हथियार बरामद
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिणी क्षेत्र देव-मदनपुर के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के संयुक्त विशेष अभियान के तहत की गई।
गौरतलब है कि औरंगाबाद जिले को पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद जंगल क्षेत्र में हथियार मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
बंगला बगीचा के जंगल में चला सघन अभियान
देव प्रखंड के कंचनपुर थाना क्षेत्र स्थित बंगला बगीचा जंगल और पहाड़ी इलाके में बिहार पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
सुरक्षा बलों ने कंचनपुर गांव से बंगला बगीचा की ओर जाने वाले जंगली मार्ग और आसपास के इलाकों में तलाशी ली। इसी दौरान छिपाकर रखे गए हथियार और उनके कुछ हिस्से बरामद किए गए।
पुलिस कार्बाइन समेत सामान बरामद
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को एक पुलिस कार्बाइन, एक मैगजीन स्लाइड और एक स्प्रिंग बरामद हुआ।
बरामद कार्बाइन के ब्रीच ब्लॉक पर Arsenal No. ICR 1098-8335 अंकित है। वहीं मैगजीन लॉकिंग के ऊपर 9 MM Carbine Sub Matching 001996 लिखा हुआ पाया गया।
हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन्हें जंगल में कब और किसने छिपाया था।