News Pratyaksh


केस से नाम हटाने के लिए मांग रहा था 30 हजार रिश्वत :

News Pratyaksh | Updated : Wed 10th Sep 2025, 10:16 am
केस से नाम हटाने के लिए मांग रहा था 30 हजार रिश्वत :
बिहार की राजधानी पटना से सटे धनरूआ थाना में पदस्थापित दारोगा प्रवेश कुमार को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है. सिटी पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने यह कार्रवाई की है. दरअसल धनरुआ में एक दारोगा द्वारा रिश्वत मांगने का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था.वीडियो में दावा किया गया है कि धनरुआ थाना के सब इंस्पेक्टर प्रवेश कुमार ने एक केस में नाम हटाने के बदले महिला दुकानदार से 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी. हैरानी की बात यह है कि पूरा वाक्या किराना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था. महिला का रिश्तेदार एक मामले में फंसा हुआ था. सब इंस्पेक्टर सुपरविजन के बहाने बांसबिगहा गांव स्थित किराना दुकान पर पहुंचा और नाम हटाने के लिए 30 हजार रुपए की डिमांड की. दारोगा से महिला हाथ जोड़कर कहती रही कि साहब गरीब लोग हैं, झूठे केस में इसे फंसाया गया है, दया करिए. इसके बावजूद दारोगा नहीं माने. महिला ने पहले 5 हजार रुपये दिए, फिर उनकी जिद पर 5 हजार और थमा दिए. बाकी रकम बाद में देने की बात हुई.वीडियो में दारोगा यह कहते भी सुने जा रहे हैं कि हमें बहुत जगह पैसा देना पड़ता है. इतना ही नहीं, सब इंस्पेक्टर अपने निजी चालक के लिए भी रुपए मांगते हैं. महिला कहती है कि इतने पैसे नहीं हैं, 100-200 दे देंगे, लेकिन दारोगा कहते हैं कि इसे भी 1000 रुपए दीजिए. महिला मजबूर होकर उसे भी रुपये देती है.बताया जा रहा है कि यह वीडियो 20 जनवरी, 2025 का है. मामला कई महीनों तक दबा रहा, लेकिन अब जाकर यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़िता संगीता देवी (कालपनिक नाम) का कहना है कि उसे गलत मुकदमे में फंसा दिया गया था. हम किराना दुकान चलाते हैं. केस के इंचार्ज प्रवेश कुमार लगातार हम पर पैसा के दबाव बना रहे थे. ऐसे में आजीज होकर वह फुटेज वायरल करना पड़ा.