News Pratyaksh


नालंदा में धमाके के साथ गैस लिकेज से अफरा-तफरी मच गयी : बिहार के नालंदा में गैस रिसाव के कारण बड़ा हादसा टल गया.

News Pratyaksh | Updated : Tue 23rd Jun 2026, 12:42 pm

नालंदा में धमाके के साथ गैस लिकेज से अफरा-तफरी मच गयी : बिहार के नालंदा में गैस रिसाव के कारण बड़ा हादसा टल गया. घटना बिहारशरीफ-राजगीर फोरलेन पर सिलाव बाईपास की है. सोमवार की शाम एक होटल में नए कनेक्शन के दौरान पीएनजी (PNG) सप्लाई पाइपलाइन में अचानक लीकेज होने लगा. गैस के भारी दबाव से पाइप फट गया. इस घटना से पूरे फोरलेन और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में दुकानदार दुकानें बंद कर भागने लगे.प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब 7:00 बजे गैस एजेंसी के कुछ कर्मी फोरलेन किनारे स्थित एक होटल में नया गैस कनेक्शन जोड़ने का काम कर रहे थे. इसी दौरान पाइपलाइन में गैस के अत्यधिक प्रेशर के कारण अचानक एक छोटा छेद बड़ा हो गया. एक जोरदार आवाज के साथ तेजी गैस का रिसाव शुरू हो गया. आसमान में गैस के गुबार को देखकर लोगों में दहशत फैल गयी. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत सिलाव थाना को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आगजनी को रोकने के लिए पुलिस ने एहतियात के तौर पर फोरलेन पर दोनों तरफ से ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया. घटनास्थल पर तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और दमकल कर्मियों को तैनात किया गया है, जो स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.