बाबूलाल मरांडी का कपिल सिब्बल पर बड़ा हमला, बोले- 'देश को तोड़ने वाले वकीलों में से एक'
पलामू: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि "कपिल सिब्बल देश को तोड़ने वाले वकीलों में से एक हैं।" यह टिप्पणी उन्होंने पलामू में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए की।
प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा से पूरे देश में 'समरसता संकल्प अभियान' की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के वाराणसी से होगा, जबकि झारखंड में इसका प्रवेश गढ़वा से होगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का कलश श्रीबंशीधर नगर मंदिर में रखा जाएगा और वहीं रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यह यात्रा चरणबद्ध तरीके से रांची की ओर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करती रही है।
जेपीएससी घोटाले के मुद्दे पर बोलते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सरकार है, यदि उनके खिलाफ कोई मामला बनता है तो सरकार उन्हें जेल भेज सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा संसद में चर्चा चाहती है, लेकिन विपक्ष इस विषय पर चर्चा में भाग नहीं ले रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक आलोक चौरसिया, डॉ. शशिभूषण मेहता, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई नेता मौजूद रहे।