News Pratyaksh


धनबाद में संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

News Pratyaksh | Updated : Tue 28th Jul 2026, 12:09 pm
धनबाद में संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
धनबाद: जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र में एक 31 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बिसु बाउरी के रूप में हुई है। मामले में मृतक की पत्नी और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले बिसु बाउरी और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी और नाबालिग बेटे ने ईंट, पत्थर, बेलन, रॉड और डंडे से हमला कर बिसु की हत्या कर दी। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से रॉड, डंडा, बेलन और ईंट सहित कई सामान बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
मुनीडीह ओपी प्रभारी मानिता कुमारी ने बताया कि परिजनों के आरोप के आधार पर मृतक की पत्नी और नाबालिग पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घरेलू विवाद, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।