पलामू के पांकी थाना को मिला नया भवन, विधायक व DIG ने किया उद्घाटन
पलामू: जिले के पांकी थाना को नया भवन मिल गया है। बुधवार को आयोजित समारोह में स्थानीय विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल और पलामू एसपी कपिल चौधरी ने नए थाना भवन का उद्घाटन किया।
पांकी थाना क्षेत्र पुलिस के लिए रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसकी सीमाएं चतरा और लातेहार जिलों से जुड़ी हैं। यह इलाका लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों और अफीम की अवैध खेती के कारण चर्चा में रहा है। वर्तमान में पुलिस नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के बाद अफीम के अवैध नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।
करीब दो दशक पुराना पांकी थाना भवन जर्जर हो चुका था। नए भवन के निर्माण के बाद अब पुलिस को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह भवन पांकी-बालूमाथ रोड से सटा हुआ है, जिससे आम लोगों की पहुंच भी आसान होगी।
उद्घाटन समारोह में विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि नए थाना भवन का निर्माण सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार चुनौतियों के बीच काम करती है और नए भवन से पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, पूर्व जिला परिषद सदस्य लवली गुप्ता सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद डीआईजी किशोर कौशल और एसपी कपिल चौधरी ने नए थाना भवन का निरीक्षण भी किया। उल्लेखनीय है कि पलामू जिले के 27 प्रशासनिक थानों में पांकी के अलावा मनातू और रेहला थाना को भी नए भवन की सौगात मिली है।