News Pratyaksh


रामगढ़ में युवक की हत्या से सनसनी, दामोदर नदी रोड किनारे मिला खून से लथपथ शव

News Pratyaksh | Updated : Wed 29th Jul 2026, 01:15 pm
रामगढ़ में युवक की हत्या से सनसनी, दामोदर नदी रोड किनारे मिला खून से लथपथ शव
रामगढ़: जिले के न्यू बगिया स्थित दामोदर नदी रोड पर बुधवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झंडा चौक, कुम्हार टोली निवासी सुमित अग्रवाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला धारदार हथियार, संभवतः चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम करीब 7 बजे से लापता था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा और रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मंगलवार शाम सुमित किन लोगों के संपर्क में था, वह न्यू बगिया-दामोदर नदी रोड की ओर किस उद्देश्य से गया था और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। इसके लिए परिचितों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।