विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं का दावा
देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, देवघर विधायक सुरेश पासवान, विधायक वीरेंद्र कुंवर, विधायक चुन्ना सिंह, मेयर रवि राउत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए अब तक की सबसे बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए डीगिरिया पहाड़ के जीर्णोद्धार की मांग रखी। उनका कहना था कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करते हैं। ऐसे में डीगिरिया पहाड़ का विकास होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और जिले के राजस्व में वृद्धि होगी।
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि देवघर आकर उन्हें हमेशा आध्यात्मिक और सकारात्मक अनुभूति होती है। उन्होंने श्रावणी मेला के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से "नो प्लास्टिक" अभियान को सफल बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 2 से 3 लाख अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सफल यात्रा बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से ही संभव हो पाती है।
कार्यक्रम के अंत में डीडीसी पीयूष सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एसडीओ रवि कुमार, एसडीपीओ कुलदीप कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।