News Pratyaksh


औरंगाबाद : तीन बहने निकली लुटेरी! क्या है माजरा?

News Pratyaksh | Updated : Tue 31st Oct 2023, 04:28 pm

औरंगाबाद : तीन बहने निकली लुटेरी! क्या है माजरा?

औरंगाबाद जिले के गोह थाना के गोह बाजार में आयोजित महायज्ञ के अंतिम दिन यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर रही एक महिला के गले से सोने की चेन छीन कर भाग रही तीन शातिर महिलाओं को गोह थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीनों शातिर महिलाएं सगी बहन हैं। गिरफ्तार महिला में पटना के मीठापुर निवासी धर्मवीर प्रसाद की पत्नी कंचन देवी, गोह थाना क्षेत्र के फाग गांव निवासी दिलीप साव की पत्नी बबिता देवी और गया जिले के परइया थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार की पत्नी ज्योति देवी शामिल हैं। गोह थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि थाना में दिये आवेदन में बताया गया है कि गया जिले के आंती थाना क्षेत्र के आंती निवासी रंजीत कुमार की पत्नी पूनम कुमारी आज गोह में आयोजित यज्ञ में पहुंची थी। यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के दौरान पीछे-पीछे तीन महिलाएं घूम रही थी। तीनों महिलाओ ने चकमा देकर पूनम के गले से चैन निकालकर भागने लगी। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को बताया गया की तीन महिलाएं चेन छीनकर मेले में ही घूम रही हैं। तत्काल गोह पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दी। यज्ञ स्थल से ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। जब गिरफ्तार महिलाओं की तलाशी ली गई तो कंचन देवी के पास से 10 ग्राम की सोने की चेन बरामद हुई।