अरगोड़ा में दिखेगा डिज्नीलैंड जैसा दुर्गा पूजा पंडाल, 50 फीट ऊंचा होगा भव्य पंडाल; 14 फीट की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र
रांची। राजधानी रांची के अरगोड़ा में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को डिज्नीलैंड के प्रारूप पर तैयार भव्य पूजा पंडाल देखने को मिलेगा। अरगोड़ा दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की ओर से इस वर्ष करीब 50 फीट ऊंचा और 40 फीट चौड़ा पंडाल तैयार कराया जा रहा है।
पंडाल का बाहरी हिस्सा सफेद रंग का होगा, जबकि गुंबद को नीले रंग में सजाया जाएगा। पंडाल के विभिन्न हिस्सों में माता दुर्गा के झंडे लगाए जाएंगे। पंडाल के मध्य भाग में भोले बाबा की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं, पंडाल के अंदर महलनुमा आकृति श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी।
14 फीट ऊंची होगी माता रानी की प्रतिमा
माता रानी के लिए पंडाल के अंदर एक बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। इसी मंच पर 14 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा निर्माण का जिम्मा मूर्तिकार जगदीश चंद्र पाल को दिया गया है, जबकि पंडाल निर्माण में बंगाल के कारीगर जुटे हुए हैं।
30 लाख रुपये तक होगा आयोजन पर खर्च
समिति की ओर से वर्ष 1967 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पंडाल निर्माण से लेकर पूजा और अन्य आयोजन पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
अरगोड़ा चौक से लेकर मंदिर परिसर तक आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा।
पंचमी से दशमी तक छऊ नृत्य का आयोजन
श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए पंचमी से विजयादशमी तक छऊ नृत्य का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम शाम 6 बजे से देर रात तक चलेगा।
वहीं, महाष्टमी के दिन भोग वितरण किया जाएगा, जबकि महानवमी पर बुंदिया प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया जाएगा।
अरगोड़ा में इस बार भव्य पंडाल, आकर्षक विद्युत सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और माता रानी की विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहने वाली है।
पदाधिकारियों के नाम
मुख्य सरक्षक पंकज साहू, अध्यक्ष प्रकाश साहू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू, सचिव अजित साहू, राजेश साहू, वीरेंद्र साहू, भोला राम साहू, लख राज राम, कंचन साहू, पवन साहू धनु साहू, पंचानंद साहू, अवध साहू, मुनेश्वर साहू, रामस्वरूप साहू, रवि साहू, चंदन साहू, कार्तिक साहू, बबलू कश्यप, प्रिंस साहू, बृश साहू समेत अन्य सदस्य है