Jharkhand


रांची लोकसभा क्षेत्र के ईचागढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे देवलटांड़ में जैन धर्मावलंबियों के भगवान आदिनाथ का अति प्राचीन मंदिर स्थित है

News Pratyaksh | Updated : Thu 21st Aug 2025, 05:54 am
रांची लोकसभा क्षेत्र के ईचागढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे देवलटांड़ में जैन धर्मावलंबियों के भगवान आदिनाथ का अति प्राचीन मंदिर स्थित है। लगभग 3000 वर्ष पुराने इस मंदिर तक जाने के लिए सड़क नहीं थी। इस मामले को लेकर रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने वर्ष 2022 में यहां सड़क निर्माण का आग्रह केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से किया था। इस क्षेत्र के विकास का मामला लोकसभा में भी उठाया था। इस आग्रह के आलोक में उन्होंने Central Road & Infrastructure Fund के तहत ₹2.1 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी थी। इसके लिए राशि भी झारखंड सरकार के संबंधित विभाग को भेज दी गई। दुर्भाग्यवश उपरोक्त सड़क का निर्माण आजतक नहीं हो पाया। आज भी श्रद्धालुओं को उपरोक्त पवित्र स्थल तक जाने में बहुत समस्या का सामना करना पड़ता है। इस मामले को लेकर श्री संजय सेठ ने पुनः नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और पूरी वस्तुस्थिति से उन्हें अवगत कराया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने इस मामले की जांच का निर्देश भी दिया है। इस बाबत रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि लगभग 3000 वर्ष पुराने उपरोक्त स्थल तक जाने के लिए केंद्र सरकार ने सड़क बनाने की स्वीकृति दे दी। राशि भी निर्गत कर दी परंतु झारखंड के अधिकारियों ने सड़क बनाना जरूरी नहीं समझा। यह बताने के लिए काफी है कि किस कदर झारखंड को विकास से दूर किया जा रहा है।

स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए FJCCI का ऐलान, 27 अगस्त से राज्यभर के व्यवसायी अपनी दुकानों के आगे लगाएंगे ये स्टिकर :

News Pratyaksh | Updated : Mon 18th Aug 2025, 09:55 am
स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए FJCCI का ऐलान, 27 अगस्त से राज्यभर के व्यवसायी अपनी दुकानों के आगे लगाएंगे ये स्टिकर : 15 अगस्त 2025 को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को एक बड़ी सौगात देने की बात कही थी. उन्होंने स्वदेशी से आत्मनिर्भर बनने और सशक्त भारत बनाने का आह्वान किया था. जिसके बाद फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने 27 अगस्त से स्वदेशी अभियान के तहत जागरुकता फैलाने और चेंबर से जुड़ी हर दुकान के बाहर " यहां सिर्फ स्वदेशी सामान ही मिलता है" का स्टिकर लगाने की शुरुआत करने का निर्णय लिया है.झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन के सभागार में रविवार 17 अगस्त को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, चेंबर के अध्यक्ष परेश गट्टानी सहित कई पदाधिकारियों की उपस्थिति में इसकी घोषणा की.रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज 27 अगस्त से राज्यभर में कारोबारियों को स्वदेशी सामानों को लेकर जागरुकता फैलाने और साथ स्वदेशी सामान ही बेचने की अपील करेगा और अपनी-अपनी दुकानों के बाहर एक स्टीकर लगाएंगे. जिसमें लिखा होगा कि "यहां सिर्फ स्वदेशी सामान ही मिलता है".संवाददाता सम्मेलन के दौरान पूर्व राज्यसभा सदस्य महेश पोद्दार ने कहा कि 15 अगस्त को 103 मिनट के अपने संबोधन में पीएम मोदी ने एक-एक शब्द में आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया है. भारत कैसे अमरीका के टैरिफ वार का मुकाबला करेगा, इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है. महेश पोद्दार ने कहा कि पीएम मोदी चुनौती का सामना करते हैं. उनका लक्ष्य स्पष्ट है कि आजादी के 100 वर्ष पर हमें विकसित देश बनाना है. जिसका रास्ता आत्मनिर्भर भारत से ही होगा.उन्होंने कहा कि शायद चीन आत्मनिर्भर है. इसलिए अमरीका ने उस पर टैरिफ कम लगाया. शायद अमरीका ने हमें कमजोर आंका है. पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी दीवाली में देशवासियों को बड़ा गिफ्ट देने जा रहे हैं. GST से देश मजबूत हुआ है.

जिले में अपराध और नक्सलवाद से निपटने के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है

News Pratyaksh | Updated : Mon 18th Aug 2025, 07:39 am
जिले में अपराध और नक्सलवाद से निपटने के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. पूरे कंट्रोल रूम में पुलिस को जिले की पल-पल की जानकारी मिलेगी और यहीं से मॉनिटरिंग की जाएगी. पलामू एसपी कार्यालय के ऊपरी तल पर यह हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां विशेष रूप से प्रशिक्षित जवान और अधिकारी तैनात किए जा रहे हैं.एसपी रीष्मा रमेशन खुद इस हाईटेक कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग कर रही हैं. दरअसल, मेदिनीनगर पलामू प्रमंडल का सबसे बड़ा शहरी क्षेत्र है. इस शहरी क्षेत्र की आबादी करीब ढाई लाख है. पूरे इलाके में 130 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो हाई रेजोल्यूशन वाले हैं. सभी कैमरों का कंट्रोल रूम हाईटेक कंट्रोल रूम में मौजूद रहेगा. इंटर स्टेट बॉर्डर एवं इंटर डिस्ट्रिक्ट बॉर्डर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी हाईटेक कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जाएगी.एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पहले से ही एक कंट्रोल रूम है. लेकिन अब एक हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया गया है. सीसीटीवी के माध्यम से पलामू के शहरी क्षेत्र को कवर किया गया है. जिला प्रशासन की मदद से कंट्रोल रूम तैयार किया गया है. सिंगल स्क्रीन पर सारे कुछ उपलब्ध हो गए हैं और हर चीज को अपग्रेड किया जा रहा है. कंट्रोल रूम में इंडिविजुअल सिस्टम दिया जाएगा और पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी. हाइ टेक कंट्रोल रूम में 112 और यूनिफाइड सिस्टम भी मौजूद रहेगा.

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने रवि

News Pratyaksh | Updated : Mon 18th Aug 2025, 07:38 am
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने रविवार को झारखंड में खनन माफियाओं और पुलिस प्रशासन के बीच कथित गठजोड़ का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि हजारीबाग में अवैध खनन का विरोध करने पर एक कंपनी, जिसके मालिक आंध्र प्रदेश के भाजपा सांसद हैं, उनके भाई ने फोन पर धमकी दी और उनका राजनीतिक करियर बर्बाद करने की बात कही.कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पश्चिम बंगाल की सह-प्रभारी अंबा प्रसाद ने हजारीबाग पुलिस और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "आम लोगों की सुरक्षा के लिए कभी 400 पुलिसकर्मी नहीं पहुंचते, लेकिन जब मैं खनन माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाती हूं, तो मुझे डराने के लिए इतना बड़ा पुलिस बल भेजा जाता है. यह साफ तौर पर पुलिस और खनन माफियाओं के बीच साठगांठ को दर्शाता है." उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग पुलिस "भाजपा के एजेंट और कंपनी के लठैत" की तरह काम कर रही है, जो कंपनी के इशारे पर कोई भी कार्रवाई करने को तैयार है.अंबा प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आगाह करते हुए कहा, "कुछ पुलिस अधिकारी झारखंड को लूटने में लगे हैं और मुख्यमंत्री की आंखों में धूल झोंक रहे हैं." उन्होंने जोर देकर कहा कि वह इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगी और जनता के हित में संघर्ष जारी रखेंगी. उन्होंने अपने माता-पिता, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी का जिक्र करते हुए कहा, "मेरे माता-पिता ने खनन माफियाओं के खिलाफ लड़ाई लड़ी और जेल गए. मैं भी डरने वाली नहीं हूं."हजारीबाग के चट्टी बारियातू माइंस को लेकर लंबे समय से स्थानीय ग्रामीणों का आंदोलन चल रहा है. ग्रामीण एनटीपीसी की इस परियोजना में जमीन अधिग्रहण और अवैध खनन का विरोध कर रहे हैं. इस बीच, एक हाइवा ड्राइवर के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने अंबा प्रसाद के ड्राइवर और निजी गार्ड को हिरासत में लिया. अंबा प्रसाद ने दावा किया कि उनके घर पर 400 पुलिसकर्मियों के साथ अधिकारी पहुंचे और उनके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया. उन्होंने इसे उन्हें डराने की साजिश बताया और कहा कि यह कार्रवाई कंपनी के इशारे पर की गई.