Jharkhand


बरकट्ठा में दो पक्ष के बीच हिंसक झड़प के बाद हालात सामान्य

News Pratyaksh | Updated : Mon 14th Apr 2025, 07:01 am
बरकट्ठा में दो पक्ष के बीच हिंसक झड़प के बाद हालात सामान्य :जिला के बरकट्ठा में रविवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के बाद स्थिति सामान्य हो रही है. रातभर हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह घटनास्थल पर कैंप किए रहे. सुबह जनजीवन सामान्य होता दिखा. दरअसल रविवार को शोभायात्रा के दौरान पत्थरबाजी और आगजनी की घटना हुई थी. जिसमें कुछ लोग घायल भी हो गए थे.दरअसल बरकट्ठा के झुरझूरी में 9 दिवसीय यज्ञ का आयोजन किया गया था. रविवार को 7वें दिन तय कार्यक्रम के अनुसार नगर भ्रमण का कार्यक्रम था. नगर भ्रमण करने के दौरान ही लोगों पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी. दूसरे पक्ष के लोगों ने पत्थरबाजी की थी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड को जामकर दिया था. कई महिलाएं भी इस घटना में घायल हुई थी. उपद्रवियों ने पुआल, मोटरसाइकिल और घरों में आग लगा दी. जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची दो फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. इस घटना में हुई आगजनी में लाखों के नुकसान का अनुमान है.इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश भी देखने को मिल रहा था. स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया था. घटना के बाद यज्ञ कार्यक्रम में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया गया है. रातभर पंडाल में लोगों का आने जाने का सिलसिला जारी था. सुबह भी तय कार्यक्रम के अनुसार पूजा शुरू हुई.दूसरी ओर फायर ब्रिगेड कर्मी ने बताया कि आग काफी भयावह था. 1 घंटे से अधिक का समय आग पर काबू पाने में लग गया. कोई भी व्यक्ति अग्निकांड में हताहत नहीं हुआ है. जिस घर में आग लगी थी वहां गृहस्थी का सामान जरुर जला है.

कोडरमा घाटी के पास ट्रक-कार में जोरदार टक्कर एक ही परिवार के 6 लोग घायल :

News Pratyaksh | Updated : Fri 11th Apr 2025, 11:02 am
कोडरमा घाटी के पास ट्रक-कार में जोरदार टक्कर एक ही परिवार के 6 लोग घायल : जिले के ताराघाटी में ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस घटना में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही हैं, जिसे रिम्स रेफर किया गया है.मिली जानकारी के अनुसार नवादा के रहने वाले श्रीकांत कुमार अपने माता-पिता, पत्नी और दो बेटियों के साथ अपनी कार से धनबाद जा रहे थे. इसी दौरान ताराघाटी के पास कोडरमा की ओर से आ रहे ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई और इस घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए.घटना के बाद हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस के द्वारा सभी घायलों को सदर अस्पताल लाया गया. फिलहाल इस घटना में घायल हुए तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही हैं, जिसे चिकित्सकों ने रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया है. इधर पुलिस अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.गौरतलब है कि 18 किलोमीटर की कोडरमा घाटी में कई ऐसे मोड़ हैं. जहां अक्सर हादसे देखने को मिलती हैं. जिसे देखते हुए कोडरमा घाटी में चालकों को यातायात नियमों का पालन कर संयम के साथ वाहन चलाने की सलाह दी जाती है.

वाहनों पर सख्त पहरा थानों को मिलेगा स्पीड गन और ब्रेथ एनालाइजर :

News Pratyaksh | Updated : Fri 11th Apr 2025, 11:02 am
वाहनों पर सख्त पहरा थानों को मिलेगा स्पीड गन और ब्रेथ एनालाइजर : पलामू, गढ़वा और लातेहार के सभी थानों को दो-दो ब्रेथ एनालाइजर उपलब्ध करवाया जाएगा. इसके साथ ही स्पीड गन भी दी जाएगी. नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है. अब पुलिस नशा कर और हाई स्पीड में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है.बैठक में आईजी सुनील भास्कर ने पलामू, गढ़वा और लातेहार के पुलिस अधिकारियों को सड़क हादसे रोकने के लिए कई बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिया हैं. आईजी सुनील भास्कर ने सभी थानों को 2-2 ब्रेथ एनालाइजर और स्पीड गन उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं. वाहन चेकिंग में शामिल पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की भी अपील की गई है.वहीं, हिट एंड रन के शिकार लोगों को मुआवजा देने के लिए पुलिस की तरफ से पहल की जाएगी. पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलवाने की कोशिश की जाएगी. नेशनल और स्टेट हाईवे पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने को कहा गया है ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके.बता दें कि पलामू के आईजी सुनील भास्कर ने सड़क हादसों के रोकथाम को लेकर पलामू, गढ़वा और लातेहार के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी. उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में पलामू डीआईजी वाईएस रमेश, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन, लातेहार एसपी कुमार गौरव, गढ़वा अभियान एसपी राहुल देव बड़ाईक, मेदिनीनगर एसडीपीओ मणि भूषण प्रसाद, लातेहार एसडीपीओ संजीव कुमार मिश्रा शामिल थे.

झारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची में सड़कों की बदहाली पर राज्य सरकार, नगर निगम से मांगा जवाब

News Pratyaksh | Updated : Fri 11th Apr 2025, 09:33 am
झारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची में सड़कों की बदहाली पर राज्य सरकार, नगर निगम से मांगा जवाबझारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची की आंतरिक और सहायक सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार को राज्य सरकार तथा रांची नगर निगम को नोटिस जारी किया।चीफ जस्टिस एम.एस. रामचंद्र राव एवं जस्टिस दीपक रोशन की बेंच ने सरकार और निगम से कहा है कि इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कब और कौन-कौन से कदम उठाए गए हैं, इसकी विशिष्ट जानकारी अदालत को उपलब्ध कराएं। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 5 मई को निर्धारित की है।

झारखंड के स्कूल पर गिरी बिजली, 9 बच्चियां हो गईं बेहोश

News Pratyaksh | Updated : Fri 11th Apr 2025, 06:30 am
झारखंड के स्कूल पर गिरी बिजली, 9 बच्चियां हो गईं बेहोशकोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत मरकच्चो में बुधवार को सेंट मौर्या स्कूल परिसर में वज्रपात से नौ बच्चियां बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल मरकच्चो प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति ठीक है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय हल्की बारिश शुरू होते ही तेज आवाज के साथ स्कूल परिसर में वज्रपात हुआ। इसके असर से परिसर में खेल रही कई छात्राएं अचेत होकर गिर पड़ीं। इससे स्कूल में खलबली मच गई। बाकी छात्राएं भी चीखने-चिल्लाने लगीं। आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्कूल के शिक्षकों ने बेहोश छात्राओं को स्कूल वैन से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर के मुताबिक, सभी नौ लड़कियां खतरे से बाहर हैं।