Jharkhand


ग्रामीणों ने चोरों की बाइक व पिकअप वैन को किया आग के हवाले :

News Pratyaksh | Updated : Wed 09th Apr 2025, 06:29 am
ग्रामीणों ने चोरों की बाइक व पिकअप वैन को किया आग के हवाले : राजधानी के ग्रामीण इलाकों में बैटरी चोरों का आंतक चरम पर है. ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में बैटरी चोर ग्रामीणों के हाथ आने से बच गए, लेकिन चोरों का पिकअप वैन और बाइक ग्रामीणों के हाथ लग गई. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया. पुलिस के मुताबिक सभी चोर टावर की बैटरी चुराने के लिए गांव में घुसे थे.रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के पतरातू गांव में बैटरी चोर गिरोह के पिकअप वैन और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार मंगलवार की आधी रात चार से पांच की संख्या में चोर पतरातू गांव में स्थित एक मोबाइल टावर का बैटरी चुराने के लिए पहुंचे थे. बैटरी टावर से खोलने के दौरान ही कुछ ग्रामीण नींद से जाग गए, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो चोर अपने वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गए. ग्रामीणों ने चोरों को काफी दूर तक खदेड़ा भी लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार होने में कामयाब रहे.रांची के ग्रामीण इलाकों में खासकर ठाकुर गांव, बुढ़मू, चान्हो और मांडर में बैटरी चोर गिरोह का नेटवर्क सक्रिय है. यह गिरोह अपने साथ चोरी की बैटरी को ढोने के लिए पिकअप वैन लेकर साथ चलते हैं.

हजारीबाग की चरही घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना :

News Pratyaksh | Updated : Wed 09th Apr 2025, 06:28 am
हजारीबाग की चरही घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना : जिले के चरही घाटी के यूपी मोड़ पर मंगलवार शाम लगभग 4:25 बजे एनएच पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई है. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है. वहीं एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चरही घाटी के यूपी मोड़ पर अनियंत्रित धान लदा कंटेनर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन में रांची से आ रही राजहंस नामक यात्री बस और एक अन्य मालवाहक वाहन से सीधा टकरा कर पलट गया. इस दुर्घटना में बस का चालक और धान लदे कंटेनर के चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं हादसे में एक और व्यक्ति की भी मौत हो गई. वहीं टक्कर के कारण बस में बैठे लगभग दर्जन भर यात्री घायल हो गए हैं. घायलों में बच्चे भी शामिल हैं.वहीं इस भीषण दुर्घटना के कारण घाटी में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग और राहगीर राहत-बचाव कार्य में जुट गए. वहीं जानकारी मिलने पर चरही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कंटेनर के चालक का दोनों पैर कट गया. जिसमें एक पैर कट कर सड़क पर आ गया और एक पैर वाहन में फंसा रह गया.चरही पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से वाहन में फंसे कंटेनर चालक के शव को बाहर निकाला गया. वहीं बस चालक की गाड़ी के स्टेयरिंग से दबने से मौत हो गई. काफी जद्दोजहद के बाद बस चालक के शव को भी बाहर निकाला गया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेजा गया.वहीं हादसे के बाद रांची-हजारीबाग सड़क का एक लेन जाम हो गया. लगभग 4 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही. वहीं पुलिस की टीम सड़क से गाड़ियों को हटाने में जुटी रही. जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

दो पूर्व सीएम के सोशल मीडिया पर लिखे पोस्ट से पॉलिटिकल पारा हाई :

News Pratyaksh | Updated : Tue 08th Apr 2025, 06:09 am
दो पूर्व सीएम के सोशल मीडिया पर लिखे पोस्ट से पॉलिटिकल पारा हाई : झारखंड की राजनीति के दो बड़े दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रहे बाबूलाल मरांडी और चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कल दो पोस्ट किया था, जिसमें पाकुड़ जिले में रामनवमी को लेकर प्रशासन द्वारा जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया था.चंपाई सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा कि क्या सरकार यह बताना चाहती है कि जहां हिन्दू अल्पसंख्यक होंगे, वहां उसकी धार्मिक/संवैधानिक आजादी ऐसे ही छीन ली जाएगी? वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों द्वारा रामनवमी जुलूस निकालने पर रोक लगा देने को हिन्दू आस्था पर हमला बताते हुए लिखा कि सरकार पाकुड़ को ग्रेटर बांग्लादेश बनाने पर तुली हुई है. भाजपा के दोनों बड़े नेताओं के बयान के बाद राजनीति में बयानों का दौर शुरू हो गया है.कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि भाजपा में जाने के बाद चम्पाई सोरेन ऐसे ही बयान देते हैं. अपनी राजनीति की वह अंतिम पारी खेल रहे हैं. हमलोग चाहते हैं कि वह भाजपा से निकले तो उन्हें राज्यसभा भेज दें.भाजपा वाले हिन्दू मुसलमान से बाहर निकल ही नहीं सकते. धार्मिक पूजा पाठ पर कहीं रोक नहीं है.बाबूलाल मरांडी और भाजपा के नेताओं को हवाबाज बताते हुए राजेश कच्छप ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को प्रमाणों के साथ आरोप लगाना चाहिए. हम सब सिया और राम बोलने वाले लोग हैं.झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि इन लोगों से और अपेक्षा ही क्या की जा सकती है? सनातनियों पर ही बंदिशें लगाई जाती है. सरकार में होने का नाजायज फायदा उठाने का आरोप लगाते हुए सीपी सिंह ने कहा कि पाकुड़ में रामनवमी का जुलूस निकालने की अनुमति क्यों नहीं दी गयी. उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण के लिए कितना नीचे गिरियेगा? एक समय आएगा कि आप भी पछताएंगे.भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पाकुड़ में जब तजिया निकल सकता है, तो फिर रामनवमी का जुलूस क्यों नहीं? सरकार ने आज रामनवमी पर रोक लगाई है, कल दीपावली और दुर्गा पूजा पर भी इसी तरह तुगलकी फरमान जारी होंगे.ऐसा लगता है कि हेमंत सरकार ने कट्टरपंथियों के दबाव में पाकुड़ को अघोषित रूप से ग्रेटर बांग्लादेश बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. जबकि बाबूलाल मरांडी ने अपने ताजा पोस्ट में रामनवमी के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए मुख्यमंत्री के अधिकारियों के साथ बैठक के बात दिए गए निर्देश में "दहशतगर्त" शब्द के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई है.

RCB ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई को हराया :

News Pratyaksh | Updated : Tue 08th Apr 2025, 06:05 am
RCB ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई को हराया : आईपीएल 2025 के 20वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुंबई वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां पर विराट कोहली की 67 रनों की पारी और क्रुणाल पांड्या की 4 विकेटों के चलते आरसीबी ने एमआई को रोमांचक मुकाबले में 12 रनों से हरा दिया. यह आरसीबी की की 4 मैचों में तीसरी जीत है, अब वह प्वाइंट्स टेबल में नंबर 3 पर आ गई है. इसके साथ ही मुंबई की 5 मैचों में चौथी हार है, जिसके साथ वो अंक तालिका में 8वें स्थान पर पहुंच गई है.इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 221 रन बनाए. मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 209 रन ही बना पाई और 12 रनों से मैच हार गई. मुंबई के लिए 222 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन तिलक वर्मा ने बनाए. उन्होंने 29 बॉल में 4 चौके और 4 छक्कों के साथ 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली.तिलक के अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने 15 बॉल में 42 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए. सूर्यकुमार यादव ने 28 और विल जैक्स ने 22 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू पाया. आरसीबी के लिए क्रुणाल पांड्या ने 4 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट लिए. उन्होंने एक ही ओवर में यानी की पारी के अंतिम (20वें) ओवर में 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा जोश हेजलवुड और यश दयाल ने 2-2, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 1 विकेट लिया.इससे पहले बेंगलुरु के लिए विराट कोहली ने टीम के लिए 42 बॉल में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 67 रनों का योगदान दिया. रजत पाटीदार ने 32 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों के साथ 64 रनों की पारी खेली. जबकि 37 रन देवदत्त पडिक्कल ने बनाए और जितेश शर्मा ने नाबाद 40 रनों की पारी खेली. मुंबई के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ट्रेंट बोल्ट ने 2-2 और विग्नेश पुथुर ने 1 विकेट लिया. इस मैच में रजत पाटीदार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.

हजारीबाग में रामनवमी की झांकी में लगी भीषण आग :

News Pratyaksh | Updated : Tue 08th Apr 2025, 12:00 am
हजारीबाग में रामनवमी की झांकी में लगी भीषण आग : पूरे देश में रामनवमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस बीच हजारीबाग में रामनवमी झांकी में अचानक से भीषण आग लग गई. जिससे झांकी पूरी तरह से जलकर खाक हो गई. इस हादसे पर अखाड़े के सदस्यों ने दुख जताया है.दरसअल रामनवमी के मौके पर हजारीबाग में एक झांकी में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई. झांकी हजारीबाग जिले के बभनबय क्लब द्वारा तैयार की गई थी, जो शहर की ओर रवाना हुई थी लेकिन शहर पहुंचने से पहले ही इसमें आग लग गई. देखते ही देखते झांकी जलकर पूरी तरह राख हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग और क्लब के सदस्य आग बुझाने के प्रयास करने लगे. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लिया गया, लेकिन तब तक झांकी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बता दें कि रामनवमी के अवसर पर हजारीबाग में विभिन्न क्लबों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाती हैं. इस घटना के बाद आयोजकों और श्रद्धालुओं में मायूसी देखी जा रही है.

रामनवमी को लेकर राजधानी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम, 20 ड्रोन व 400 सीसीटीवी से निगरानी

News Pratyaksh | Updated : Sat 05th Apr 2025, 09:41 am
रामनवमी को लेकर राजधानी रांची के शहरी और ग्रामीण इलाकों में शनिवार से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। 12 डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा और 3500 जवानों को विभिन्न इलाकों में तैनात किया गया है।पुलिस ने शहर के 20 थाना क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की है। प्रत्येक थाना प्रभारी को ड्रोन मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डोरंडा, मेन रोड, कांके, नगड़ी, रातू, पिठौरिया, बुढ़मू, मांडर और बरियातू जैसे संवेदनशील इलाकों में 25 से ज्यादा प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां जवानों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।भड़काऊ गानों पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है और धार्मिक जुलूसों में शांति बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सीआरपीएफ की दो कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 40 जगहों पर क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को मुस्तैद रखा गया है, जिनका जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल होगा।राजधानी में 400 से ज्यादा जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में पुलिसकर्मी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत संबंधित थाने को सूचित किया जा रहा है।रामनवमी जुलूस और मंदिरों की व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने हेहल मंडप टोली मंदिर, दक्षिणमुखी बजरंगबली मंदिर, पिस्का मोड़, पंडरा महावीर मंदिर और निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर का दौरा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।