Lifestyle


बिहार और झारखंड के लोगों के लिए पटना-रांची वंदे भारत!

News Pratyaksh | Updated : Thu 14th Sep 2023, 01:33 am
बिहार और झारखंड के लोगों के लिए पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन चलाई जा रही है। हालांकि अन्य ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत का किराया ज्यादा होने के वजह से अभी भी ये ट्रेन सबकी पहुंच में नहीं है। अब भारतीय रेलवे ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। ताकि देश के आमजन भी वंदे भारत का आनंद ले सकें। अब आप सोच रहे होंगे कि शायद इसका किराया कम किया जा रहा है, तो हम आपको बता दें वंदे भारत के किराए में कमी करने का फिलहाल रेलवे का कोई प्लान नहीं है। रेलवे आम आदमी के सफर के लिए वंदे साधारण एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो लोकसभा चुनाव से जनता को वंदे साधारण की सौगात मिल सकती है। पटना और रांची के बीच ये कब चलेगी, फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि वंदे साधारण एक्सप्रेस ट्रेन भी वंदे भारत के रूट पर चलेगी।अब सवाल उठ रहा होगा कि ये वंदे साधारण एक्सप्रेस क्या है? इसमें और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में क्या अंतर है? कुछ ऐसी सवालों का जवाब रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिया है। नाम न छापने की शर्त पर रेलवे अधिकारी ने बताया कि वंदे भारत और वंदे साधारण एक्सप्रेस में वही अंतर होगा जो शताब्दी और जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में होता है। तेज गति से दौड़ने वाली जन शताब्दी का किराया शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से कम होता है। उसी तरह वंदे साधारण एक्सप्रेस का भी किराया कम होगा। ये वंदे भारत का कम किराए वाला संस्करण होगा।पटना से रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के किराए को लेकर रेलवे ने जून महीने में फेयर चार्ट जारी किया था। रेलवे ने किलोमीटर की दूरी के आधार पर एक्जीक्यूटिव क्लास (ईसी) और चेयर कार (सीसी) का किराया तय किया। फेयर चार्ट के मुताबिक, पटना से रांची तक का भोजन के साथ एक्जीक्यूटिव क्लास में प्रति यात्री 1930 रुपये और बिना भोजन के 1760 रुपये प्रति यात्री तय किया गया।अगर आप राजधानी पटना जिले से जुड़ी ताजा और गुणवत्तापूर्ण खबरें अपने वाट्सऐप पर पढ़ना चाहते हैं तो कृपया यहां क्लिक करें।वहीं, चेयर कार का किराया प्रति यात्री भोजन के साथ 1025 रुपये और बिना भोजन के 890 रुपये रखा गया है। जबकि रांची से पटना तक का ब्रेकफास्ट और डिनर के साथ ईसी टिकट का किराया 2110 रुपये तय किया गया है। इसके अलावा चेयर कार का किराया प्रति यात्री ब्रेकफास्ट और डिनर के साथ 1175 रुपये तय किया है। ये किराया बिना भोजन के 887 रुपये है।

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा में सिर्फ डीएलएड डिग्रीधारी अभ्यर्थियों का रिजल्ट!

News Pratyaksh | Updated : Thu 14th Sep 2023, 01:32 am
बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा में सिर्फ डीएलएड डिग्रीधारी अभ्यर्थियों का रिजल्ट किया जाएगा जारी बिहार लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा में प्राथमिक विद्यालयों के लिए सिर्फ डीएलएड डिग्रीधारी अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी किया जायेगा। आयोग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मंगलवार पटना में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला किया गया। इस फैसले के बाद बीपीएससी की ओर से आयोजित प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल वैसे अभ्यर्थियों के रिजल्ट पर रोक लगा दी गयी है, जिनके पास बीएड की डिग्री है। ऐसे उम्मीदवारों की संख्या लगभग तीन लाख नब्बे हजार है। परीक्षा परिणाम का प्रकाशन 14 सितम्बर को होगा। बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों अपने एक फैसले में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति के लिए बीएड की योग्यता को समाप्त कर दिया था। आदेश में कहा गया था कि बेसिक ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, बीटीसी या डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन, डीएलएड डिग्री वाले अभ्यर्थी ही पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाने के पात्र होंगे।

बिहार में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है!

News Pratyaksh | Updated : Thu 14th Sep 2023, 01:29 am
बिहार में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 1500 से अधिक हो हुई है। पटना में लगभग पांच सौ लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं, भागलपुर में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर तीन सौ के आस-पास हो गयी है। भागलपुर जिले में अब तक डेंगू से एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, वैशाली, गया और बांका समेत अन्य जिलों में भी मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जिला और सदर अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए विशेष वार्ड बनाये गये हैं। साथ ही अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में डेंगू जांच किट और आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं है।

झारखंड के सिमडेगा में आदिवासी समुदाय की दो लड़कियों के साथ गैंगरेप की वारदात!

News Pratyaksh | Updated : Thu 14th Sep 2023, 01:28 am
झारखंड के सिमडेगा में आदिवासी समुदाय की दो लड़कियों के साथ गैंगरेप की वारदात हुई है। इनमें से एक लड़की नाबालिग है। गैंगरेप के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह घटना सिमडेगा सदर थाना क्षेत्र के खम्हन भदरा जंगल में हुई। पुलिस ने जंगल से दोनों लड़कियों के साथ तीन अन्य बच्चियों को बरामद किया है। पुलिस ने पांचों लड़कियों को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। सदर थाना प्रभारी जय गोविंद गुप्ता ने बताया कि संरक्षण में ली गई पांच बच्चियों में दो ने अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात कही है। तीन अन्य नाबालिग किशोरियों का बयान संदेहास्पद है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।

हाजीपुर में स्कूल में बैठने की व्यवस्था नहीं, छात्राओं ने जमकर काटा बवाल, बीईओ की गाड़ी तोड़ी

News Pratyaksh | Updated : Thu 14th Sep 2023, 01:25 am
हाजीपुर में स्कूल में बैठने की व्यवस्था नहीं, छात्राओं ने जमकर काटा बवाल, बीईओ की गाड़ी तोड़ी बिहार सरकार शिक्षा विभाग में सुधार के लाख दावे कर ले, लेकिन मंगलवार को वैशाली जिले के महनार से आई एक तस्वीर ने यहां की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। दरअसल, पूरा मामला वैशाली जिले के महनार का है, जहां बालिका उच्च विद्यालय में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने पर छात्राओं ने जमकर बवाल काटा और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। बताया जाता है कि विभाग द्वारा स्कूलों में 75 प्रतिशत उपस्थिति तय करने के आदेश के बाद विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ गई है। लगातार बढ़ रही उपस्थिति के कारण स्कूल में छात्राओं को बैठने की व्यवस्था नहीं मिल पा रही है।

खरकई नदी का बदलेगा स्वरूप

News Pratyaksh | Updated : Sun 21st Aug 2022, 12:00 am
खरकई नदी का बदलेगा स्वरूप : केंद्र सरकार की योजना अर्बन रिवर मैनेजमेंट की प्लान के तहत आदित्यपुर नगर निगम स्थित खरकई नदी के सौंदर्यीकरण के साथ ही नदी साफ सफाई का कार्य होगा। इसके अलावा कचरा निस्तारण से लेकर नदी के गाद को भी निकाला जायेगा।नदी किनारे रेस्तरां से लेकर चिल्ड्रेन पार्क के अलावा कैफेटेरिया तक बनाए जायेंगे। विभिन्न तरह के कार्य किए जायेंगे। बुधवार को रांची के बीएनआर होटल में नगर विकास एवं आवास विभाग के अधीन राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के तहत अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (यूआरएमपी ) की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें आदित्यपुर, जमशेदपुर, जुगसलाई, रांची, धनबाद समेत 14 निकाय के प्रशासक एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।प्रथम चरण में इस योजना के तहत आदित्यपुर, राजमहल, चास,धनबाद, रांची नगर निकाय का चयन किया गया। इसके बाद खरकई के साथ जमशेदपुर अक्षेस एवं जुगसलाई क्षेत्र को भी इसमें शामिल किया जायेगा। प्रारंभिक चरण में इस योजना के तहत आदित्यपुर के खरकई नदी का समग्र विकास एवं सौदर्यीकरण होगा। इसको लेकर आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश ने बताया कि उनके द्वारा कार्यक्रम में अपना प्रजेंटेंशन दिखाया गया तथा विस्तृत क्षेत्रों को दर्शाते हुए कहां क्या बनेगा इसे प्रदर्शित किया गया।इस योजना के तहत आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्दान, राममडैयपा बस्ती, मेरिन ड्राईव क्षेत्र समेत खरकई का लंबा दायरा इस योजना से लाभान्वित होगा। यह योजना पांच वर्ष में पुरा किया जाएगा । आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक ने बताया कि इसको लेकर योजना की निविदा ग्लोबल स्तर पर निकाली जायेगी।उसके बाद इसमें कार्य शुरू किया जाएगा। खरकई नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में चार सिवरेज ट्रिटमेंट प्लांट बनाए जायेंगे। साथ ही मशीन के द्वारा नदी का गाद निकालकर सफाई का कार्य होगा। वही जल संरक्षण को लेकर जगह-जगह जल जमाव करने के लिए बांध भी बनाने की योजना है।जिससे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लोगो को शुद्ध पेयजल मिल सके। पुरे क्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जायेगा।