Jharkhand


छठ घाटों पर इस बार सूरज के साथ-साथ बादल भी डेरा डाल सकते हैं

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:52 am
छठ घाटों पर इस बार सूरज के साथ-साथ बादल भी डेरा डाल सकते हैं. बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बिहार में नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक आसमान का मूड बदला रहेगा. आसमान का मिजाज श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ाने लगी है. बंगाल की खाड़ी से उठे बादल बिहार के त्योहार में ‘बारिश का रंग’ घोल सकते हैं.मौसम विभाग के अनुसार, छठ की शुरुआत यानी नहाय-खाय के दिन से ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 25 अक्टूबर को नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. राज्य के बाकी हिस्सों में उमस और हल्की धुंध बनी रह सकती है. पटना, गया और दरभंगा जैसे इलाकों में तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे बिहार की ओर बढ़ेगा. इसके असर से 26 से 28 अक्टूबर तक खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और हवा की दिशा भी पूर्वा से बदलकर पश्चिमा हो सकती है.बारिश की खबर से श्रद्धालुओं के चेहरे थोड़े उदास हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने किसी तेज वर्षा या आंधी की संभावना से इनकार किया है. यानी व्रतियों को सूर्य अर्घ्य के समय खुला आसमान भी मिल सकता है.छठ न सिर्फ पूजा का पर्व है, बल्कि यह सूर्य, प्रकृति और श्रम के प्रति आस्था का प्रतीक भी है. ऐसे में मौसम का बदलता मिजाज भी श्रद्धा की भावना को कम नहीं कर सकता.इस परिवर्तन से तापमान में गिरावट आएगी. अधिकतम तापमान जहां 32-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 20-24 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है. इसका मतलब है कि छठ के बाद सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी.

त्योहारी अवकाश के कारण आज बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे.

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:45 am
त्योहारी अवकाश के कारण आज बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे. एनएसई के आधिकारिक अवकाश कैलेंडर के अनुसार, आज बाजार बंद रहेंगे और गुरुवार को कारोबार फिर से शुरू होगा. बलि प्रतिपदा एक महत्वपूर्ण त्योहार है जो भगवान विष्णु के वामन अवतार की शक्तिशाली किन्तु पुण्यशाली राक्षस राजा बलि पर पौराणिक विजय का स्मरण कराता है.यह त्योहार विनम्रता, भक्ति और ब्रह्मांडीय व्यवस्था के संतुलन का प्रतीक है. इसे नई शुरुआत और समृद्धि के लिए एक शुभ दिन माना जाता है.स बीच, अन्य एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखा गया. जापान का निक्केई 225 सूचकांक 0.4 प्रतिशत नीचे रहा. सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.25 प्रतिशत ऊपर रहा. हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 0.82 प्रतिशत, ताइवान का भारित सूचकांक 0.53 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़ा.भारतीय निवेशक मध्य सप्ताह के त्यौहारी अवकाश के बाद कल गुरुवार से व्यापारिक गतिविधियां फिर से शुरू करेंगे. मंगलवार को विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में भारतीय बेंचमार्क सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए, और निफ्टी 25,900 के आसपास बंद हुआ.सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग कोई बदलाव नहीं हुआ, जबकि व्यापक बाजारों में बढ़त देखी गई. बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.3 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक 1 प्रतिशत बढ़ा. मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के अंत में, निफ्टी 25.45 अंक या 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,868.60 पर रहा, जबकि सेंसेक्स 62.97 अंक या 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,426.34 पर बंद हुआ.निफ्टी शेयरों में सबसे अधिक लाभ में रहने वाले शेयरों में सिप्ला, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, इंफोसिस और एमएंडएम शामिल थे. दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थकेयर और एशियन पेंट्स नुकसान में रहे.निफ्टी पीएसयू बैंक और रियल्टी कोछोड़कर, सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे रंग में बंद हुए. इसमें निफ्टी मीडिया, मेटल और फार्मा टॉप गेनर्स रहे.एक्सचेंज प्लेटफॉर्म - बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) - दोपहर 1:45 बजे से दोपहर 2:45 बजे तक कारोबार के लिए खुले थे, जो संवत 2082 की शुरुआत का प्रतीक था.

जिला में एक दर्दनाक घटना हुई है. तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है.

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:44 am
जिला में एक दर्दनाक घटना हुई है. तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को तालाब से निकाल लिया गया है.इस हादसे में मारे गये दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई हैं और दोनों के पिता आपस में सगे भाई हैं. इनमें एक का नाम सिद्धार्थ भारती है, जिसकी उम्र करीब दो साल है. सिद्धार्थ के पिता का नाम रामचरण भरती है. वहीं दूसरे बच्चे का नाम राजवीर है, जिसकी उम्र करीब ढाई साल है. राजवीर के पिता का नाम शंभू शरण भारती है. रामचरण भारती और शंभू शरण भारती सहोदर भाई हैं.ये घटना टुंडी थाना क्षेत्र के हटिया रोड स्थित राजबाड़ी के नजदीक तालाब की है. मंगलवार को जहां दोनों बच्चे खेलते हुए तालाब में चले गए और पानी में डूब गए. ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार राजबाड़ी के रहने वाले दो सगे भाइयों शंभू शरण भारती और रामचरण भारती के बेटे दोपहर में अचानक घर से निकल गए.परिजन काफी देर तक इधर उधर खोजते रहे लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. घंटों बीत जाने के बाद किसी ने सूचना दी कि तालाब में एक बच्चे का शव पानी के ऊपर नजर आ रहा है. जिसके बाद परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय पुलिस और टुंडी सीओ सुरेश प्रसाद बर्नवाल भी घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए.तालाब में पानी के दिखाई दे रहे एक बच्चे का शव बाहर निकाला गया. तालाब में पानी के अंदर खोजबीन के बाद दूसरे बच्चे का शव भी निकाल लिया गया. इन बच्चों का शव देख दोनों के परिवार वालों में चीत्कार मच गयी और पूरा इलाका लोगों को क्रंदन से दहल उठा. परिजनों के आंसू थामने का नाम नहीं ले रहे थे.पुलिस द्वारा दोनों बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है. साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं घटना के लेकर टुंडी विधायक सह सचेतक मथुरा महतो के विधायक प्रतिनिधि मदन महतो ने कहा कि तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत हुई है. दोनों बच्चे बॉल से खेल रहे थे और उनकी बॉल तालाब में चली गई. बॉल को निकालने के लिए वह तालाब के पानी में चले गए और डूब गए. जिस कारण दोनों बच्चों की मौत हो गई है.विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि विधायक मथुरा महतो के द्वारा रात्रि में ही दोनों बच्चों के पोस्टमार्टम करने का आग्रह जिला प्रशासन से किया गया. इसके बाद मजिस्ट्रेट की नियुक्ति में जिला प्रशासन के द्वारा पोस्टमार्टम के लिए एक टीम गठित की गई है. मंगलवार रात ही दोनों बच्चों की पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बोर्ड की टीम के तहत की जानी है.इस मामले को लेकर टुंडी सीओ सुरेश प्रसाद बर्नवाल ने बताया कि बच्चों का परिवार सड़क के दूसरे साइड में रहते हैं जबकि तालाब सड़क के उस पार है. ऐसा प्रतीत होता है जैसे बच्चे खेलते हुए तालाब के समीप गए और पानी में डूब गए. फिलहाल दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना को लेकर उन्होंने अफसोस जताया है. उन्होंने कहा कि परिवार के साथ मेरी पूरी संवेदना है. इस विकट परिस्थिति में उनके परिजनों को ईश्वर हिम्मत दे.

मानसून के लौटते ही मौसम में तेजी से बदलाव दिखने लगा है

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:42 am
मानसून के लौटते ही मौसम में तेजी से बदलाव दिखने लगा है. सुबह और शाम के बाद ठंड का एहसास होने लगा है. गुमला जिला का न्यूनतम पारा 16.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है. हालांकि पिछले 24 घंटों में चाईबासा जिला में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है. खास बात है कि राज्य में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.हालांकि अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है लेकिन छठ की तैयारी के बीच कहीं-कहीं बारिश के आसार बने हुए हैं.मौसम केंद्र के मुताबिक, 22 अक्टूबर को सुबह के समय कोहरे या धुंध के बाद मौसम साफ और शुष्क रहेगा लेकिन 23 अक्टूबर को शुष्क मौसम के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे. 24 अक्टूबर को दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों मसलन, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं कहीं मेघगर्ज के साथ हल्के या मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है जबकि 25, 26 और 27 अक्टूबर को गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे के बारिश की संभावना है. खास बात है कि 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी भाष्कर को पहला अर्घ्य अर्पित होना है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पवित्र सबरीमला मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी. यह इतिहास में पहली बार होगा.

News Pratyaksh | Updated : Wed 22nd Oct 2025, 11:41 am
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पवित्र सबरीमला मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी. यह इतिहास में पहली बार होगा. हालांकि इससे पहले उनका हेलीकॉप्टर दुर्घटना होने से बच गया. हेलीकॉप्टर के टायर हेलीपैड में मामूली रूप से धंस गए. इस घटना में किसी को कुछ नहीं हुआ.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ले जा रहे हेलीकॉप्टर को पथानामथिट्टा के कोन्नी के प्रमदम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में उतरते समय एक छोटी सी दुर्घटना का सामना करना पड़ा. लैंडिंग के बाद हेलीकॉप्टर के टायर हेलीपैड की ताजा बिछाई गई कंक्रीट की सतह में मामूली रूप से धंस गए. हेलीकॉप्टर को निलक्कल में उतरना था. हालाँकि, प्रतिकूल मौसम के कारण लैंडिंग स्थल को प्रमदम के इनडोर स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया गया. नए स्थल पर हेलीपैड का निर्माण उसी सुबह पहले ही पूरा हो गया था और कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था, जिसके कारण विमान के भार से नरम सतह धंस गई.पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और हेलीकॉप्टर की मैन्युअल रूप से स्थिति बदली. राष्ट्रपति मुर्मू के कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने बिना किसी रुकावट के अपना कार्यक्रम जारी रखा. हालांकि तत्काल कोई खतरा नहीं था, अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस घटना की संभावित सुरक्षा चूक के रूप में समीक्षा की जा सकती है.