Politics


झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से आयोजित दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में राज्य के मंत्रीगण

News Pratyaksh | Updated : Tue 25th Mar 2025, 08:27 am
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से आयोजित दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में राज्य के मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस अवसर पर रोजेदारों के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। इफ्तार कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, विधायकों के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी को रमजान की मुबारकबाद दी और एकजुटता तथा शांति बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रोजा खोलने के लिए विभिन्न पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि रमजान सिर्फ इबादत का महीना ही नहीं, बल्कि त्याग, सेवा और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सभी समुदायों के साथ मिलकर झारखंड को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस इफ्तार पार्टी में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक दुआ की गई, जिसमें राज्य की खुशहाली और शांति की प्रार्थना की गई।

बिहार में जमीन की जमाबंदी में हो रहे खेल से चौंकी सरकार :

News Pratyaksh | Updated : Mon 24th Mar 2025, 07:03 am
बिहार में जमीन की जमाबंदी में हो रहे खेल से चौंकी सरकार :बिहार में जमीन की जमाबंदी करने में बड़ा खेल सामने आया है. दाखिल खारिज की प्रक्रिया अपनाये बिना ही रजिस्टर-2 में जमाबंदी करने की शिकायतें लगातार मिल रही है. साथ ही इसे ऑनलाइन किए जाने के लिए छूटा हुआ बताकर फिर ऑनलाइन किया जा रहा है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इस मामले मे जांच की जिम्मेदारी अंचल अधिकारियों को दी है. पूरे खेल का पता जांच में चलेगा और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है.राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तमाम सीओ को इस गड़बड़झाले की जांच में लगाया है. ऐसी गडबड़ी करनेवालों की पहचान करके विभाग ने सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का कहना है कि ऐसे मामलों में पिछले करीब दो वर्षों से उम्मीद लायक काम नहीं हो रहा था. ऐसे में विभाग ने ऐसी हर जमाबंदी की जांच करके उसे अनलॉक करने की जिम्मेदारी अंचल अधिकारियों को दी है. इधर, विभाग ने प्रत्येक 15 दिन में हर एक अंचल में अपर समाहर्ता, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और संबंधित भूमि सुधार उप समाहर्ता में से कम-से-कम एक पदाधिकारी को समीक्षा करने का निर्देश दिया है.

ई साक्ष्य अपलोड करने में लापरवाही बरतने पर DIG का एक्शन :

News Pratyaksh | Updated : Mon 24th Mar 2025, 06:18 am
 पलामू के सतबरवा थाना प्रभारी अंचित कुमार को निलंबित कर दिया गया है. पलामू के रेंज के डीआईजी वाईएस रमेश ने थाना प्रभारी को निलंबित किया है. थाना प्रभारी पर मुकदमों से जुड़े हुए ई-साक्ष्य को अपलोड करने में लापरवाही बरतने का आरोप है. दरअसल पलामू रेंज के डीआईजी वाईएस रमेश मुकदमे से जुड़े हुए ई साक्ष्य की समीक्षा कर रहे थे. इसी क्रम में पाया गया कि पलामू में 11 मुकदमो से जुड़े हुए ई साक्ष्य का डाटा अपलोड नही किया गया है.जबकि लातेहार में 28 और गढ़वा में सात मुकदमों से जुड़े हुए डाटा को अपलोड किया गया था. डीआईजी महीने में दो बार मुकदमा से जुड़े हुए ई साक्ष्य की समीक्षा करते है. पलामू रेंज के डीआईजी वाईएस रमेश ने बताया कि ई साक्ष्य को अपलोड करने में लापरवाही बरती गई थी, जिसके बाद निलंबित किया गया है. पलामू गढ़वा एवं लातेहार के सभी पुलिस अधिकारियों को ई साक्ष्य अपलोड करने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं. महीने में दो बार इसकी समीक्षा की जाती है. समीक्षा के क्रम में ही लापरवाही पकड़ी गई थी.सतबरवा थाना प्रभारी की निलंबित होने के बाद पलामू रीष्मा रमेशन ने सब इंस्पेक्टर विश्वनाथ कुमार राणा को सतबरवा का थाना प्रभारी बनाया है. वहीं सदर थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय को भी लाइन क्लोज कर दिया है. मनातू थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता को पलामू के सदर थाना प्रभारी बनाया गया है.

घोड़थंबा मामले पर केंद्रीय मंत्री ने हेमंत सरकार को घेरा :

News Pratyaksh | Updated : Sat 22nd Mar 2025, 12:11 pm
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को कोडरमा पहुंचीं. यहां उन्होंने गिरिडीह जिला के घोड़थंबा में हुए विवाद के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश सरकार पर निशाने पर लिया.केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है. राज्य सरकार की निष्क्रियता और खुफिया विभाग की विफलता के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार घटित हो रही हैं. अब लोग अपने पर्व और त्योहार को किस तरह खुशनुमा माहौल में मनाए, इसे लेकर भी चिंता सताने लगी है.मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि घटना के बाद जिस तरह से पुलिस नाप-तोल के और तराजू को बराबर करने की कार्रवाई कर रही है, जबकि इस घटना में जो लोग निर्दोष हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वे आज घोड़थंबा जा रही हैं और वहां जाकर पीड़ितों से मिलकर उनका हाल-चाल जानेंगी.वहीं दूसरी तरफ घोड़थंबा मामले पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भी केंद्रीय मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मंत्री इरफान अंसारी की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता है, वे सिर्फ अनाप-शनाप बोलते रहते हैं.वहीं दूसरी तरफ मंईयां सम्मान योजना को लेकर महिलाओं की परेशानियों पर मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह सरकार का चुनावी मुद्दा था और चुनाव खत्म होने के बाद जनता योजना का लाभ लेने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रही हैं. जिसके कारण एक तरफ उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है तो दूसरी तरफ उन्हें बेवजह भाग-दौड़ करनी पड़ रही है.

रांची के डोरंडा में फायरिंग :

News Pratyaksh | Updated : Sat 22nd Mar 2025, 05:51 am
डोरंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात जेल में बंद एक अपराधी के गुर्गों ने आपसी विवाद के बाद फायरिंग कर दी, इस गोलीबारी में तीन युवकों को गोली लगी है, इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के बेलादर मोहल्ले में दो गुटों में झड़प के बाद फायरिंग की गई है. जिसमें तीन लोगों को बुलेट्स लगी हैं, वहीं कई अन्य घायल भी हुए है. स्थानीय लोगों के द्वारा छह लोगों के गोलीबारी में घायल होने की बात कही जा रही है. हालांकि पुलिस ने तीन लोगों के गोलीबारी में घायल होने की बात कही है.घायलों में इमरान, तबरेज, नदीम और अंजुम शामिल हैं. गोलीबारी में घायल हुए इमरान नाम के युवक ने बताया कि जेल में बंद अपराधी अली के गुर्गों के द्वारा फायरिंग की गई है. इमरान के अनुसार अली के गुर्गों ने एक युवक के साथ मारपीट की थी, मामला थाने तक भी पहुचा था. लेकिन विवाद नहीं थमा. इसी मामले के बाद दोनों गुट शुक्रवार रात आपस मे भिड़ गए. जिसमे अली के लोगो ने फायरिंग कर दी. रमजान की वजह से डोरंडा के बेलादर मोहल्ले में देर रात होने के बाद भी चहल पहल थी, लेकिन फायरिंग के बाद इलाके में भगदड़ मच गई. इसमें भी कुछ लोग घायल हुए हैं.मामले की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी, हटिया डीएसपी, डोरंडा थानेदार, चुटिया थानेदार, लोअर बाजार थानेदार सहित भारी संख्या में बल ने पूरे बेलादर मोहल्ले को घेर लिया. गोलीबारी में शामिल होने के शक में एक दर्जन से ज्यादा को पुलिस ने रात में ही हिरासत में ले लिया है. सबसे पूछताछ चल रहा है. पुलिस इलाके में कैम्प कर रही है.
Follow us
Categories
Latest News
Popular Categories