International


बेंगलुरु में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से केरल के दो नर्सिंग स्टूडेंट्स की दर्दनाक मौत हो गई:

News Pratyaksh | Updated : Mon 24th Nov 2025, 11:32 am
बेंगलुरु में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से केरल के दो नर्सिंग स्टूडेंट्स की दर्दनाक मौत हो गई: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के चिक्काबनवारा रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से केरल के दो नर्सिंग स्टूडेंट्स की मौत हो गई.पुलिस ने बताया कि रविवार शाम को बेंगलुरु के चिक्काबनवारा रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से केरल के दो नर्सिंग स्टूडेंट्स की मौत हो गई.स्टूडेंट जस्टिन जोसेफ (21) और स्टेरिन एल्ज़ा साजी (19) की ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. चिक्काबनवारा पुलिस ने इस बारे में केस दर्ज कर लिया है और मरने वालों के माता-पिता को इसकी जानकारी दे दी है.दोनों केरल के पट्टनमथिट्टा के रहने वाले थे और बेंगलुरु के सप्तगिरी नर्सिंग कॉलेज में B.Sc नर्सिंग के दूसरे सेमेस्टर में पढ़ रहे थे. रविवार शाम को चिक्काबनवारा स्टेशन के पास ट्रैक पार करते समय सुपरफास्ट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी. इस वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.पुलिस ने मौके पर जाकर बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मरने वालों की डिटेल्स वेरिफाई करने के बाद उनके माता-पिता को इसकी जानकारी दे दी गई है.पुलिस ने बताया कि चश्मदीदों ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब स्टूडेंट्स ने तेज स्पीड से आ रही ट्रेन के आने पर ट्रैक पार करने की कोशिश की, और वे ट्रैक से हट नहीं पाए.

भारतीय नौसेना में आज स्वदेशी जल युद्धक पोत INS माहे शामिल होने जा रहा है. आर्मी चीफ उपेन्द्र द्विवेदी के हाथों इसकी कमिशनिंग होगी. यह पहला मौका है, जब आर्मी चीफ के हाथों नौसेना के युद्धपोत की कमीशनिंग की जा रही है.INS माहे को समंदर का ‘Silent Hunter’ कहा

News Pratyaksh | Updated : Mon 24th Nov 2025, 11:28 am
भारतीय नौसेना में आज स्वदेशी जल युद्धक पोत INS माहे शामिल होने जा रहा है. आर्मी चीफ उपेन्द्र द्विवेदी के हाथों इसकी कमिशनिंग होगी. यह पहला मौका है, जब आर्मी चीफ के हाथों नौसेना के युद्धपोत की कमीशनिंग की जा रही है.INS माहे को समंदर का ‘Silent Hunter’ कहा जा रहा है, क्योंकि यह पनडुब्बियों का पता लगाने और उन्हें निशाना बनाने में बेहद सक्षम है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके निर्माण में 80% से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग हुआ है, जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करता है. तेज गति, उन्नत सेंसर, आधुनिक हथियार और दुश्मन के जलीय लक्ष्यों पर सटीक प्रहार- INS माहे तटीय सुरक्षा को एक नई धार देगा.

म्यांमार में चल रहे साइबर गुलामी रैकेट से भारतीय नागरिकों को छुड़ाने की कार्रवाई लगातार जारी है

News Pratyaksh | Updated : Mon 24th Nov 2025, 11:27 am
म्यांमार में चल रहे साइबर गुलामी रैकेट से भारतीय नागरिकों को छुड़ाने की कार्रवाई लगातार जारी है. हाल ही में म्यांमार आर्मी ने वहां फंसे 360 भारतीयों को मुक्त कराया जिनमें बिहार के 6 युवक भी शामिल थे. ये सभी मयवादी के के.के. पार्क से छुड़ाए गए. म्यांमार आर्मी ने इन्हें सुरक्षित थाईलैंड भेजा जहां से 18 नवंबर को इन सभी को दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया. दिल्ली पहुंचने के बाद आर्थिक अपराध इकाई (EOW) की टीम ने बिहार के युवकों को अपने संरक्षण में लिया और पूछताछ के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया. इसी समूह में शामिल था गया जिले के डेल्हा निवासी धर्मेंद्र कुमार. पुणे की कंपनियों में काम कर चुके धर्मेंद्र का रोजगार छूट गया था और नई नौकरी की तलाश उन्हें धोखेबाज एजेंटों के जाल में खींच ले गई.धर्मेंद्र बताते हैं-मुझे यकीन नहीं था कि मैं जिंदा बचकर आ पाऊंगा. इंडियन एंबेसी और म्यांमार आर्मी ने हमें मौत से खींचकर बाहर निकाला. उनकी कहानी झकझोर देने वाली है. नौकरी के नाम पर विदेश जाने का सपना कैसे मिनटों में किडनैपिंग, हथियारबंद गिरोह और साइबर गुलामी में बदल गया. धर्मेंद्र बताते हैं कि एक दोस्त ने उन्हें मुजफ्फरपुर निवासी शुभम कुमार से संपर्क करवाया. शुभम ने थाईलैंड में चाइनीज कंपनी में हाई पैकेज जॉब का लालच दिया. ऑनलाइन और वीडियो कॉल के माध्यम से कई इंटरव्यू हुए. अंतिम इंटरव्यू के लिए थाईलैंड बुलाया गया. 19 अक्टूबर को टिकट बना-पटना से कोलकाता और फिर बैंकॉक.20 अक्टूबर को बैंकॉक एयरपोर्ट पर एक ड्राइवर मिला, जिसने धर्मेंद्र को एक फाइव-स्टार होटल में छोड़ा. वहां फिर इंटरव्यू हुआ और सब कुछ प्रोफेशनल और असली लगता रहा. लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने धर्मेंद्र की जिंदगी उलट दी. दूसरा ड्राइवर एक चमचमाती कार लेकर आया. धर्मेंद्र को लगा कि अब जॉब मिलने वाला है. कार पहाड़ी रास्तों पर पहुंची, फिर उबड़-खाबड़ इलाके में. अचानक कई हथियारबंद लोग घिर आए और गन प्वाइंट पर किडनैप कर लिया गया.धर्मेंद्र को और 4-5 युवकों को कई घंटे पैदल पहाड़ी रास्ते से ले जाया गया. कई विदेशी दिखने वाले बाइकर रास्ते पर तैनात थे. उन्हें एक गेस्ट हाउस में तीन दिन तक बंद कर दिया गया. बाद में पता चला- वे म्यांमार में घुस चुके थे. यहां उनका असली मकसद सामने आया- उन्हें साइबर गुलामी के लिए अगली जगह ‘बेचा’ जाना था.तीसरे दिन अचानक म्यांमार आर्मी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई हुई. धर्मेंद्र और अन्य युवकों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया. धर्मेंद्र बताते हैं- छापा पड़ने पर हमें लगा कि शायद गोलियां चलेंगी, लेकिन वही हमारी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट था. आर्मी ने हमें बचा लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां पहले से फंसे हुए कई विदेशी नागरिकों-फिलीपींस, नेपाल, बांग्लादेश सहित सभी को भी मुक्त कराया.सभी भारतीयों को पहले म्यांमार में सुरक्षित कैंप में रखा गया. इंडियन एंबेसी के सहयोग से उन्हें थाईलैंड भेजा गया. वहां से 18 नवंबर को दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया. आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने सभी 6 बिहारी युवकों को पटना लाकर जांच की और परिवारों को सौंप दिया. धर्मेंद्र बताते हैं- अगर देर होती तो हमें दूसरी साइबर कंपनियों को बेच दिया जाता. वहां जो होता वह सोचकर भी डर लगता है.

रूस ने शुक्रवार तड़के कीव पर मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई. इस हमले में अपार्टमेंट की इमारतों में बड़े-बड़े छेद हो गए और आग लग गई

News Pratyaksh | Updated : Sat 15th Nov 2025, 11:51 am
रूस ने शुक्रवार तड़के कीव पर मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई. इस हमले में अपार्टमेंट की इमारतों में बड़े-बड़े छेद हो गए और आग लग गई. विस्फोटों की आवाज पूरे शहर में गूंज उठी और रात का आसमान जगमगा उठा.यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि एक गर्भवती महिला समेत कम से कम 35 लोग घायल हुए हैं. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रात के हमले में कम से कम 430 ड्रोन और 18 मिसाइलों का इस्तेमाल किया.शुक्रवार का हवाई हमला, जिसमें दक्षिण में ओडेसा और उत्तर-पूर्व में खार्किव को भी निशाना बनाया गया था. ये हमला राजधानी कीव पर लक्षित था, जहां जेलेंस्की के अनुसार, ड्रोन और मिसाइलों ने ऊंची इमारतों वाले अपार्टमेंट ब्लॉकों को तहस-नहस कर दिया.उन्होंने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, "यह लोगों और नागरिकों को यथासंभव नुकसान पहुंचाने के लिए एक विशेष रूप से सुनियोजित हमला था." मास्को ने नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाने से इनकार किया है. रूसी रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसने यूक्रेन के "सैन्य-औद्योगिक और ऊर्जा प्रतिष्ठानों" पर रात भर हमला किया. यूक्रेनी अधिकारियों ने इन दावों का मजाक उड़ाया और घरों और सार्वजनिक भवनों को बार-बार नुकसान पहुंचाया.यह हमला लगभग तीन हफ़्तों में कीव पर सबसे बड़ा हमला था. कड़ाके की ठंड के महीनों से पहले, हाल के रूसी हवाई हमलों का लक्ष्य देश भर में बिजली के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना रहा है. जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन ने हमले को नाकाम करने के लिए अपनी अमेरिकी निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल किया और 14 मिसाइलों को मार गिराया. यूक्रेनी नेता ने विदेशी समर्थकों से और अधिक उन्नत प्रणालियां भेजने की अपील की है.रूस ने लगभग चार साल पहले अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हुए व्यापक आक्रमण के बाद से उसके खिलाफ एक विनाशकारी हवाई अभियान चलाया है. इस साल लड़ाई रोकने के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाले राजनयिक प्रयास अब तक निष्फल रहे हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एच-1बी वीजा सुधारों पर अपने प्रशासन के आक्रामक प्रयासों पर अपना रुख नरम करते हुए अमेरिकी कार्यबल में महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए विशिष्ट

News Pratyaksh | Updated : Wed 12th Nov 2025, 12:03 pm
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एच-1बी वीजा सुधारों पर अपने प्रशासन के आक्रामक प्रयासों पर अपना रुख नरम करते हुए अमेरिकी कार्यबल में महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए विशिष्ट विदेशी प्रतिभाओं को लाने की आवश्यकता को स्वीकार किया है.मंगलवार (स्थानीय समय) को फॉक्स न्यूज की होस्ट लॉरा इंग्राहम के साथ एक साक्षात्कार के दौरान, ट्रंप ने कुशल अप्रवासी श्रमिकों के मूल्य का बचाव करते हुए तर्क दिया कि अमेरिका लंबे समय से बेरोजगार अमेरिकियों को बिना व्यापक प्रशिक्षण के विनिर्माण और रक्षा क्षेत्र में जटिल भूमिकाओं के लिए पुनर्नियोजित नहीं कर सकता.अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि हालांकि वह अमेरिकी श्रमिकों के वेतन में वृद्धि का समर्थन करते हैं, फिर भी अमेरिका को अपनी औद्योगिक और तकनीकी बढ़त बनाए रखने के लिए "इस प्रतिभा को लाना" होगा.जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या एच-1बी वीजा सुधार उनके प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता होगी, तो उन्होंने कहा, "मैं सहमत हूं, लेकिन आपको भी इस प्रतिभा को लाना होगा."सितंबर की शुरुआत में, ट्रंप ने एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए. जिससे एच-1बी वीजा याचिका में बड़े बदलाव की शुरुआत हुई. घोषणापत्र के अनुसार, अब नए एच-1बी वीजा आवेदनों के लिए 1,00,000 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लगेगा, जो लगभग 1,500 अमेरिकी डॉलर के पिछले स्तर से काफी अधिक है.अमेरिकी विदेश विभाग ने बाद में स्पष्ट किया कि नई शुल्क आवश्यकता केवल उन व्यक्तियों या कंपनियों पर लागू होगी, जो 21 सितंबर के बाद नई H-1B याचिकाएं दाखिल करेंगे या H-1B लॉटरी में प्रवेश करेंगे.मौजूदा वीजाधारकों और उस तिथि से पहले जमा की गई याचिकाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इस घोषणा के तहत, समय सीमा के बाद दायर की गई हर नई H-1B वीजा याचिका के साथ 1,00,000 अमेरिकी डॉलर का भुगतान करना होगा. इसमें 2026 लॉटरी में प्रवेश के लिए जमा की गई याचिकाएं भी शामिल हैं.

भारतीय छोरियों ने उठाई वर्ल्ड कप ट्रॉफी :

News Pratyaksh | Updated : Mon 03rd Nov 2025, 11:31 am
  भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीत लिया है. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पहली वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाई है. आज नवी मुंबई के डी.वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए हैं. दक्षिण अफ्रीका 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 45.3 ओवर में 246 रनों पर ऑलआउट हो गई. इसके साथ ही उसका चैंपियन बनने का सपना टूट गया. इस मैच में शेफाली वर्मा को अर्धतकीय पारी खेलने और 2 विकेट चटकाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला. दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड मिला.दक्षिण अफ्रीका के लिए इस मैच में कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 98 बॉल में 11 चौके और 1 छक्के के साथ 101 रनों की पारी खेली. वो जब तक क्रीज पर थी लगा दक्षिण अफ्रीका मैच जीत सकता है, लेकिन जब वो आउट हुईं तो उनकी पूरी टीम दवाब में बिखर गई और 246 पर ऑल आउट हो गई. अफ्रीका के लिए एनेरी डर्कसेन 35 रनों के साथ दूसरी टॉप स्कोरर रहीं. भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट दीप्ति शर्मा ने लिए. उन्होंने 9.3 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए. उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 2 और श्री चरणी ने 1 विकेट हासिल किया.इससे पहले इस मैच में भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 58 बॉल पर 8 चौकों के साथ 45 रनों की पारी खेली. शेफाली वर्मा ने 78 बॉल में 7 चौके और 2 छक्कों के साथ 87 रनों की पारी खेली. इन दोनों के अलावा दीप्ति शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली. दीप्ति ने 58 बॉल में 3 चौके और 1 छक्के के साथ 58 रनों की पारी खेली. जेमिमा रोड्रिग्स ने 24 और हरमनप्रीत कौर ने 20 और ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में 24 बॉल में 3 चौके और 2 छक्कों के साथ 34 रनों की शानदार पारी खेली. अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए.