Jharkhand


सीएम चंपई सोरेन ने 220 परियोजनाओं में से 16 का उद्घाटन किया और 334.12 करोड़ रुपये की 204 परियोजनाओं की नींव रखी :

News Pratyaksh | Updated : Mon 26th Feb 2024, 08:57 am
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने प्रसिद्ध मार्शल डांस फॉर्म को बढ़ावा देने के लिए राज्य में एक छऊ डांस एकेडमी स्थापित करने की घोषणा की है। सीएम सोरेन ने अपने गृह जिले में 334 करोड़ रुपये से अधिक की 220 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि छऊ नृत्य सरायकेला-खरसावां जिले की पारंपरिक और ऐतिहासिक पहचान है।सीएम सोरेन ने कहा, "इस क्षेत्र में डांस को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही यहां एक छऊ डांस एकेडमी स्थापित की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार झारखंड को एक आदर्श राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां सभी को बिना किसी भेदभाव के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।"उन्होंने आगे कहा, "हमारी सरकार का उद्देश्य सम्मान के साथ उचित अधिकार प्रदान करना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाएं सुनिश्चित करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।" सीएम सोरेन ने अफसोस जताते हुए कहा कि राज्य में कोयला, लोहा, तांबा, सोना और यूरेनियम जैसे खनिजों के भंडर होने के बावजूद आदिवासी इसके लाभ से वंचित हैं। सीएम ने 220 परियोजनाओं में से 16 का उद्घाटन किया और 334.12 करोड़ रुपये की 204 परियोजनाओं की नींव रखी। इसमें खरखाई नदी के ऊपर मरीन ड्राइव भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मरीन ड्राइव को इस तरह से विकसित किया जाएगा कि लोग इस क्षेत्र की संस्कृति और कला के साथ-साथ इसके इतिहास से भी अवगत हो सकें।

बोकारो में अपने झुंड से बिछड़े इस जंगली हाथी के उत्पात के कारण करीब आधा दर्जन गांवों में दहशत का माहौल :

News Pratyaksh | Updated : Mon 26th Feb 2024, 08:54 am
झारखंड के बोकारो में एक जंगली हाथी ने उत्पात मचाते हुए तीन लोगों की जान ले ली है. बोकारो जिले के गोमिया ब्लॉक में जंगली हाथी ने रविवार को तीन लोगों को कुचल डाला. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में एक व्यक्ति की मौत मौके पर हो गई, जबकि दो लोगों ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि ये हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है. वन विभाग की टीम हाथी पर निगरानी रख रही है. बोकारो में अपने झुंड से बिछड़े इस हाथी के उत्पात के कारण करीब आधा दर्जन गांवों में दहशत का आलम है. स्‍थानीय निवासियों के मुताबिक, हाथी रविवार सुबह सबसे पहले कोदवाटांड़ गांव पहुंचा. उसने घर के बाहर बैठे 64 वर्षीय शानू मुर्मू को सूंढ़ में लपेटकर पटक डाला. मौके पर ही उनकी मौत हो गई.बौखलाया हुआ ये जंगली हाथी इसके बाद माड़ घाटी के पास ललपनिया निवासी मंजरी देवी को कुचल डाला. मंजरी देवी को गंभीर हालत में तेनुघाट स्थित टीटीपीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये हाथी थोड़ी देर बाद चैलियाटांड़ गांव पहुंचा, जहां उसने सुहानी हेंब्रम नामक एक महिला पर हमला कर दिया. वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं. ग्रामीणों ने उन्हें बोकारो जेनरल हॉस्पिटल में दाखिल कराया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि, 27 फरवरी तक का पूर्वानुमान :

News Pratyaksh | Updated : Sat 24th Feb 2024, 11:18 am
झारखंड में एक बार मौसम फिर करवट लेता दिख रहा है. राज्य में शुक्रवार शाम से आकाश में आंशिक बादल छाए हुए हैं. मौसम अधिकारी सतीश चंद्र मंडल ने मौसम पूर्वानुमान में बताया है कि अफगानिस्तान के उपर पश्चिम विक्षोभ बना हुआ है जिसके पूर्व की ओर बढ़ने आसार है, वहीं बंगाल की खाड़ी के उपर एंटी साइक्लोन आने वाले दिनों में मजबूत होगी. इन दोनों का असर झारखंड में भी देखा जा सकता है. 24 फरवरी और 25 फरवरी को झारखंड के उपर आंशिक बादल छाए रहेंगे. जबकि 26 और 27 फरवरी को राज्य में कमोबेश यही स्थिति रहेगी.मौसम वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने बताया कि शनिवार को राज्य के दक्षिण भागों में वर्षा हो सकती है. वहीं 25 फरवरी को राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग रांची ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 26 फरवरी और 27 फरवरी को राज्य के पश्चिमी, दक्षिणी तथा मध्यभाग में गर्जन, वज्रपात, हवा का तेज झोंका के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है.दूसरी ओर 27 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होगी. इस दौरान राज्य भर में तेज हवाओं का असर देखा जाएगा. यहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास चलेगी. इस दौरान थंडरिंग की भी संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि 28 फरवरी से राज्य का मौसम साफ हो जाएगा. इसके साथ ही लोगों को गर्मी महसूस होने लगेगी. यदि तापमान की बात करें तो 27 फरवरी तक राज्य का औसत तापमान 16 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री दर्ज किया जाएगा.

झारखंड में इन 18 रेलवे स्टेशनों की बदल जाएगी तस्वीर,44 रोड ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे ,9 स्वास्थ्य परियोजना का भी करेंगे उद्धाटन:

News Pratyaksh | Updated : Sat 24th Feb 2024, 11:17 am
केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना (Amrit Bharat Station Scheme) के तहत झारखंड (Jharkhand) के 18 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास एवं नवीनीकरण होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 26 फरवरी 2024 को इस योजना का ऑनलाइन के जरिए शिलान्यास करेंगे. इस बारे में भारतीय रेल प्रशासन की ओर से आधिकारिक तौर पर जारी बयान के मुताबिक इन सभी स्टेशनों का पुनर्विकास 578.95 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा. रेल प्रशासन के अनुसान इस योजना के तहत जिन स्टेशनों का पुनर्विकास होगा उनमें टाटानगर, चक्रधरपुर, गम्हरिया, सिनी, चाईबासा, डांगोपोसी, बड़ाजामदा, बालसिरिंग, बानो, गंगाघाट, रामगढ़ कैंट, गोविंदपुर रोड, ओरगा, मुरी, सिल्ली, लोहरदगा, टाटीसिलवे और नामकुम स्टेशन शामिल हैं.इसके अलावा, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड में 44 रोड ओवरब्रिज एवं अंडरपास भी बनाए जाएंगे. इनके निर्माण 546.01 करोड़ रुपये की लागत से होगा. योजना के तहत स्टेशनों के पुराने प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, लाउंज, कैफेटेरिया एवं शौचालय का जीर्णोद्धार किया जाएगा. इसके अलावा प्लेटफॉर्म में सुधार और स्टेशन एवं स्टेशन के बाहर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, स्टेशन भवन में सौर पैनलों की स्थापना, कम ऊर्जा वाली एलइडी लाइट, वर्षा जल संचयन, जैव शौचालय आदि का भी प्रावधान किया जाएगा.पीएम मोदी इसके पहले 25 फरवरी 2024 को झारखंड के सात जिलों की नौ स्वास्थ्य परियोजनाओं का भी ऑनलाइन उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे. शिलान्यास की जाने वाली इन योजनाओं को भवन निर्माण विभाग द्वारा पूरा किया जाना है. स्वास्थ्य परियोजनाओं के तहत रांची, गढ़वा, गिरिडीह, पाकुड़, देवघर, दुमका एवं कोडरमा में विभिन्न आधारभूत स्वास्थ्य संरचनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन होगा. बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा रेल, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी 71 परियोजनाओं को शिलान्यास और उद्घाटन उस समय होगा, जब दो माह बाद लोकसभा का चुनाव होगा. जबकि इस समस्याओं का समाधान की मांग प्रदेश के लोग लंबे अरसे से करते आ रहे हैं.

पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में की ग्रामीण की हत्या

News Pratyaksh | Updated : Sat 24th Feb 2024, 11:14 am
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) जिले में नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी करने के शक में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मारे गए शख्स का नाम जितेन लागुरी है। वह टोंटो प्रखंड के बांदाबेड़ा गांव का रहने वाला था। वह ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर लोगों का इलाज करता था। वारदात शुक्रवार रात की है।नक्सलियों ने दरवाजे पर दस्तक देकर उसे घर के बाहर बुलाया और इसके बाद उसे गोली मार दी। फायरिंग की आवाज से ग्रामीण इस कदर खौफ में आ गये कि रात में कोई उसके घर के पास नहीं पहुंचा। शनिवार सुबह वह घर के बाहर मृत पाया गया। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। नक्सलियों की गोली का एक खोखा उसके घर की दीवार में धंसा है।गौरतलब है कि अगस्त से अब तक नक्सलियों ने पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस की मुखबिरी करने के आरोप में नौ लोगों की हत्या की है।

धनबाद रेल मंडल में ट्रेन से कटकर दो रेलकर्मियों की मौत

News Pratyaksh | Updated : Sat 24th Feb 2024, 11:13 am
धनबाद रेल मंडल के सीआईसी सेक्शन में गोमो और तेलो स्टेशन के बीच दो रेलकर्मियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह करीब चार बजे हुआ।बताया गया कि दोनों रेलकर्मी पेट्रोलमैन के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान वे 18623 डाउन इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान मोहन कुमार शर्मा और राहुल कुमार के रूप में हुई।दोनों बिहार के रहने वाले थे और उनकी तैनाती धनबाद डिवीजन के चंद्रपुरा डिपो में थी। मोहन कुमार शर्मा सहरसा और राहुल कुमार अरवल जिला अंतर्गत कुर्था के रहने वाले थे। उनके शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजे गए हैं।