Jharkhand


जिले में तीन दिन पहले शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर पुलिस निरीक्षक के कार्यालय के पीछे बरामदे पर एक आदिवासी महिला और उसकी छह साल की बेटी की हत्या मामले का खुलासा हो गया है.

News Pratyaksh | Updated : Sat 14th Feb 2026, 12:45 pm
जिले में तीन दिन पहले शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर पुलिस निरीक्षक के कार्यालय के पीछे बरामदे पर एक आदिवासी महिला और उसकी छह साल की बेटी की हत्या मामले का खुलासा हो गया है. दुष्कर्म का विरोध करने पर जैनुल अंसारी नामक युवक ने इस घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैइस पूरे मामले पर दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने एक प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दी. एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि मंगलवार रात ही मां-बेटी की हत्या की गई. बुधवार की सुबह दोनों का शव मिला. उनकी पहचान परिजनों ने की. मृतका दुमका के ही काठीकुंड थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. मंगलवार शाम वह वीर कुंवर सिंह चौक के पास खड़ी थी. तभी एक वाहन चालक जैनुल हक उर्फ जैनुल अंसारी की उस पर नजर पड़ी.एसपी ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसडीपीओ विजय महतो के नेतृत्व में नगर थाना की एक टीम बनाई गई. एक सीसीटीवी में आरोपी को महिला के साथ देखा गया. फुटेज के आधार पर आसपास दुकानदारों से पहचान कराई गई तो कुछ लोगों ने कपड़ा देखकर आरोपी के बारे में बताया. उसका मोबाइल नंबर भी हाथ लगा. मोबाइल बंद होने की वजह से शक और गहरा गया। तकनीक की मदद से पुलिस जैनुल तक पहुंच सकी. पुलिस ने जैनुल के पास से महिला का छीना हुआ पांच हजार रुपये और बैंक का पासबुक भी बरामद किया गया. इसके बाद महिला को इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे ले गया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया. महिला ने जब इसका विरोध किया तो मारपीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया. बेटी ने उसे मारपीट करता हुए देख लिया था, तो जैनुल को लगा कि वह लोगों को बता सकती है इसलिए उसकी भी हत्या कर दी गई. जैनुल इतने में ही नहीं रुका महिला ने बैंक से पांच हजार रुपये की निकासी की थी , हत्या करने के बाद पैसे लेकर भाग गया.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक नितिन नवीन ने कार्यवाही में हिस्सा लेते हुए कहा कि 2006 में मैं विधायक बना था

News Pratyaksh | Updated : Tue 10th Feb 2026, 12:51 pm
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक नितिन नवीन ने कार्यवाही में हिस्सा लेते हुए कहा कि 2006 में मैं विधायक बना था. मुख्यमंत्री जी ने बिहार की छवि को बदलने का काम किया. पहले बिहार से बाहर हमारे राज्य को कैसे देखा जाता था, वो हम बता नहीं सकते. आज अपना बिहार देश भर में सम्मान पा रहा है तो इसके पीछे मुख्यमंत्री जी की मेहनत और कोशिशों का नतीजा है. सदन में कई पूर्व वरिष्ठ नेता रहे हैं, जिन्होंने बिहार को बहुत कुछ दिया, लेकिन अभी जो नेतृत्व हमारे सामने है, वो बिहार को बदलने का काम कर रहा है.आज हम सभी जनप्रतिनिधियों को यह ध्यान में रखना चाहिए कि लोगों के मन में हमारे लिए सम्मान की भावना कायम रहे. सदन में हर छोटी बड़ी घटनाओं को मैंने भी देखा है. कैसे विधायक के रूप में अपना काम कराया जाए और विपक्ष में भी रहते हुए गरिमा के साथ कैसे अपना काम किया जाए.बिहार को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है. हम सभी सदस्यों का आभार जताते हैं. पार्टी ने मेरी भूमिका जरूर बदली है, लेकिन विधायक के रूप में जो भी मेरी भूमिका होगी, वो निभाउंगा.

रांची में जिला प्रशासन द्वारा खादगढ़ा सब्जी मंडी के पास स्थित आवासीय भवनों पर बड़ी कार्रवाई की गई है

News Pratyaksh | Updated : Tue 10th Feb 2026, 12:50 pm
रांची में जिला प्रशासन द्वारा खादगढ़ा सब्जी मंडी के पास स्थित आवासीय भवनों पर बड़ी कार्रवाई की गई है. माननीय उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बाद, प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को 5 से 6 बुलडोजर तैनात किए और घरों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला एक गंभीर जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसने अब एक बड़ा मानवीय संकट खड़ा कर दिया है. इस कार्रवाई से सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं, जो दशकों से इन घरों में रह रहे थे.स्थानीय मोहल्ला वासियों का दावा है कि वे पिछले कई दशकों से इन घरों में रह रहे हैं और उनके पास जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज भी हैं. निवासियों के अनुसार, लगभग 50 से 60 साल पहले उन्होंने एक व्यक्ति से यह जमीन खरीदी थी और उसका पूरा भुगतान भी किया था.स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी पूरी जमापूंजी इन घरों को बनाने में लगाई थी और अब वे अचानक बेघर हो गए हैं. उनकी मांग है कि प्रशासन उन्हें पुनर्वास का विकल्प प्रदान करे. मामले की सुनवाई के बाद, माननीय उच्च न्यायालय ने संबंधित जमीन पर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था.

बोकारो में गजराज का तांडव, दो दिन में एक मासूम सहित पांच लोगों को कुचला :

News Pratyaksh | Updated : Sat 07th Feb 2026, 01:17 pm
बोकारो में गजराज का तांडव, दो दिन में एक मासूम सहित पांच लोगों को कुचला : जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र में गजराज का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते एक दिन पहले जहां हाथियों ने घर से निकाल तीन बुजुर्गों को कुचल दिया था, वहीं शनिवार को एक बार फिर हाथियों के झुंड ने महुआटांड़ थाना क्षेत्र के गंगपुर गांव में कहर बरपाया है. इस घटना में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई. जबकि इसी परिवार के तीन बच्चे सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.मृतक के परिजन भोला साव ने बताया कि गंगपुर के हाथियों ने सोमर साव के घर पर हमला कर दिया था. इस दौरान घर मे मौजूद सभी लोग छत पर जाने के लिए भागे लेकिन हाथियों ने सोमर साव सहित पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें एक बच्चे सहित सोमर साव की मौत हो गई. मृतकों की पहचान सोमर साव और उसके पोते अमन साव (3 वर्ष) के रूप में हुई है. जबकि तीन बच्चे सहित एक बुजुर्ग महिला घायल हुए हैं. जिन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है.स्थानीय रवि महतो ने बताया कि पिछले छह महीने से हाथियों का झुंड रामगढ़ बोकारो सीमावर्ती क्षेत्रों में अपना डेरा जमाए हुए हैं. रामगढ़ और बोकारो में कई लोगो की मौत हाथियों की चपेट में आने से हो रही है, लेकिन फिर भी जंगली हाथियों को वन विभाग सुरक्षित कॉरिडोर में भेजने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है.वहीं, परिजन शैलेश कुमार महतो ने इस घटना के लिए क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई और अवैध खनन के कारण हाथी गांवों में घुस रहे हैं और लोगों की जिंदगी के साथ-साथ घरों और फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं. वन विभाग को सुरक्षित वन क्षेत्र में हाथियों को भेजने के लिए उपाय करना चाहिए.

झारखंड में हो रहे शहरी निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने फुलप्रूफ व्यवस्था कर ली है.

News Pratyaksh | Updated : Fri 06th Feb 2026, 12:58 pm
झारखंड में हो रहे शहरी निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने फुलप्रूफ व्यवस्था कर ली है. दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने के बावजूद झारखंड कांग्रेस की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा शहरी नगर निकाय चुनाव में पार्टी विचारधारा से जुड़े लोग वार्ड पार्षद, डिप्टी मेयर, मेयर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनें. इसके लिए पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के साथ-साथ सभी जिलों में चुनाव कंट्रोल रूम खोलने का फैसला किया है.सोनाल शांति ने कहा कि अब कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार से लेकर मतगणना तक कोई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के साथ-साथ सभी जिला कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला जा रहा है. रांची पार्टी मुख्यालय के कंट्रोल रूम से सभी 48 शहरी निकाय चुनाव के लिए पार्टी समर्थित मेयर और अध्यक्ष के उम्मीदवारों की किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा और चुनाव पर नजर रखी जाएगी. वहीं जिला कांग्रेस मुख्यालय से संबंधित जिलों में पड़ने वाले शहरी निकाय के वार्ड के वार्ड पार्षद के चुनाव पर नजर होगी. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कंट्रोल रूम से चुनाव के दौरान चुनाव क्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. इस संबंध में झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता सोनाल शांति उर्फ रिंकू तिवारी कहते हैं कि पार्टी नेतृत्व को इस बात की खुशी है कि दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने के बावजूद 48 शहरी निकायों में उम्मीदवारी के लिए भाजपा या अन्य दलों की तरह कांग्रेस में कोई घमासान नहीं है. ज्यादातर जगहों पर कांग्रेस की जिला पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी ने जो नाम तय किए, वही कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बना है.