जिले के पतरातू-भुरकुंडा क्षेत्र में रामगढ़ पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय अपराधी को गोली लगी है. आरोपी की पहचान रैलीगढ़ा निवासी, सनी सिंह के रूप में हुई है. मौके से 02 देसी पिस
News Pratyaksh | Updated : Mon 06th Apr 2026, 11:56 am
जिले के पतरातू-भुरकुंडा क्षेत्र में रामगढ़ पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय अपराधी को गोली लगी है. आरोपी की पहचान रैलीगढ़ा निवासी, सनी सिंह के रूप में हुई है. मौके से 02 देसी पिस्तौल, 01 मोबाइल फोन और 01 लेदर बैग भी बरामद किया गया है. इस ऑपरेशन के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.मिली जानकारी के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिए एसआईटी (SIT) टीम का गठन किया गया था, जो लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा क्षेत्र में घूम रहा है और अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है.सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भुरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सघन छापेमारी शुरू की. इसी दौरान यह इनपुट मिला कि भुरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है. पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. छापेमारी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस गाड़ी को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. हालांकि, थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए.पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फायरिंग कर रहे अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा. पूछताछ में उसने अपना नाम सनी सिंह, ग्राम रैलीगढ़ा बताया. घायल सनी सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा भेजा गया. जहां उसका इलाज चल रहा है.