इन दिनों झारखंड की राजधानी रांची खेल आयोजनों से सराबोर है. इंटरनेशनल क्रिकेट के शोर
News Pratyaksh | Updated : Mon 01st Dec 2025, 11:54 am
इन दिनों झारखंड की राजधानी रांची खेल आयोजनों से सराबोर है. इंटरनेशनल क्रिकेट के शोर, भीड़ और रोमांच के बाद अब शहर एक और बड़े नेशनल इवेंट के लिए तैयार हो चुका है. दिसंबर में रांची यूटीटी 5वीं नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है, जो पूरे देश के टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए साल का सबसे बड़ा आयोजन माना जाता है. इस बार प्रतियोगिता में करीब 2000 खिलाड़ी विभिन्न राज्यों से रांची पहुंचेंगे. जिसके कारण खेलगांव का हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम पूरे सप्ताह गुलजार रहेगा.भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (TTFI) और झारखंड राज्य टेबल टेनिस संघ (JSTTA) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाली यह चैंपियनशिप 6 दिसंबर से 13 दिसंबर 2025 तक चलेगी. अंडर-11 से लेकर अंडर-19 तक के बॉयज और गर्ल्स कैटेगरी के मुकाबलों के साथ-साथ पुरुष और महिला एकल वर्ग में भी देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी उतरेंगे. यह रैंकिंग चैंपियनशिप खिलाड़ियों को TTFI पॉइंट्स देती है, जो आगे चलकर राष्ट्रीय टीम में चयन की प्रक्रिया को प्रभावित करती है. इसी वजह से टॉप प्लेयर्स इस आयोजन में हमेशा अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के साथ खेलते दिखाई देते हैं.स्टेडियम में तैयारियां पिछले कई दिनों से तेज हैं. आयोजन के मद्देनजर सभी 26 टेबल इंस्टॉल किए जा चुके हैं. पैडल टेस्टिंग से लेकर लाइट फोकस और स्कोरिंग सिस्टम की फाइनल चेकिंग लगातार जारी है. खेलगांव कैंपस में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे. वहीं दर्शकों के लिए विशेष गैलरी, डिजिटल स्कोर डिस्प्ले, मेडिकल सपोर्ट, रिफ्रेशमेंट जोन और मीडिया कार्य सुविधा को अंतिम रूप दिया जा रहा है. आयोजकों का कहना है कि इस बार की चैंपियनशिप को ‘वर्ल्ड-क्लास सेटअप’ की तरह तैयार किया जा रहा है. जिससे कि खिलाड़ी और दर्शक दोनों बेहतरीन अनुभव प्राप्त कर सके.
झारखंड राज्य टेबल टेनिस संघ के पदाधिकारी जय कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में उभर रहा है. इस चैंपियनशिप में देश के प्रतिष्ठित खिलाड़ी आ रहे हैं और हम चाहते हैं कि हर प्रतिभागी झारखंड की मेहमाननवाजी और हमारी खेल संस्कृति को महसूस करे. यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा.